जेनराली ओपन: खिताब बचाने उतरे बाएज ने केकमनोविच को हराकर की विजयी शुरुआत
ऑस्ट्रिया में खेले जा रहे 'जेनराली ओपन' टेनिस टूर्नामेंट में अर्जेंटीना के स्टार सेबेस्टियन बाएज ने अपने खिताब को बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की है। मंगलवार को हुए पहले दौर के एक कड़े मुकाबले…
ऑस्ट्रिया में खेले जा रहे 'जेनराली ओपन' टेनिस टूर्नामेंट में अर्जेंटीना के स्टार सेबेस्टियन बाएज ने अपने खिताब को बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की है। मंगलवार को हुए पहले दौर के एक कड़े मुकाबले में उन्होंने सर्बिया के मियोमिर केकमनोविच को मात देकर दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, क्ले कोर्ट पर हुए इस मैच में 2023 के चैंपियन बाएज ने 2020 के विजेता केकमनोविच पर 6-3, 3-6, 6-4 से जीत दर्ज की।
यह केकमनोविच के खिलाफ बाएज की चार टूर-लेवल मुकाबलों में पहली जीत थी। एटीपी आंकड़ों के अनुसार, 1 घंटे 49 मिनट तक चले इस मैच में बाएज को 13 ब्रेक प्वाइंट्स मिले, जिनमें से वह केवल तीन को ही भुनाने में सफल रहे, लेकिन यह जीत के लिए काफी था।
“हर पॉइंट पर फोकस बनाए रखना अहम था”
जीत के बाद सेबेस्टियन बाएज ने कहा कि उन्हें किट्जबुहेल वापस आकर खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, "मुझे यहां के लोग, भीड़, कोर्ट, शहर, सब कुछ पसंद है... मुझे लगता है कि आज अहम बात यह थी कि प्रत्येक प्वाइंट पर डटे रहें और फोकस बनाए रखें, क्योंकि यहां ऊंचाई की वजह से कभी-कभी गेंद को कंट्रोल करना मुश्किल होता है।"
पूर्व विश्व नंबर 18 बाएज का 2026 सीजन का रिकॉर्ड अब 20-16 का हो गया है। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका अगला मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त आर्थर रिंडरकनेच से होगा। पिछले साल उन्होंने फाइनल में डोमिनिक थिएम को हराकर खिताब जीता था।
अन्य मुकाबलों के नतीजे
टूर्नामेंट में हुए अन्य मैचों में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
- जर्मनी के छठे वरीय खिलाड़ी जान-लेनार्ड स्ट्रफ ने विंबलडन के बाद अपना पहला मैच खेलते हुए अलेक्जेंडर शेवचेंको को 3-6, 7-6(5), 6-4 से हराया।
- अर्जेंटीना के मार्को ट्रुंगेलिटी ने आठवें वरीय जुआन मैनुअल सेरुंडोलो को सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से शिकस्त दी।
- फ्रांस के क्वेंटिन हैलिस ने लास्लो जेरे को 7-6(4), 6-4 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
इनपुट: IANS


