भारत-ए टीम घोषित: ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ पडिक्कल और गायकवाड़ को कप्तानी, हार्दिक पांड्या की वापसी
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारत-ए टीम की घोषणा कर दी गई है। इस दौरे में दो मल्टी-डे और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं, जिसके लिए अलग-अलग कप्तान चुने गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की…
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारत-ए टीम की घोषणा कर दी गई है। इस दौरे में दो मल्टी-डे और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं, जिसके लिए अलग-अलग कप्तान चुने गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने मल्टी-डे फॉर्मेट की कमान देवदत्त पडिक्कल को सौंपी है, जबकि वनडे टीम का नेतृत्व ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे। इस टीम में सबसे चर्चित नामों में से एक हार्दिक पांड्या का है, जिन्हें वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है, हालांकि उनका खेलना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगा।
यह सीरीज 22 सितंबर से शुरू होगी, जिसमें पहला मल्टी-डे मुकाबला खेला जाएगा। दूसरा चार-दिवसीय मैच 29 सितंबर से शुरू होगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसके अगले दो मैच 9 और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
मल्टी-डे टीम में नए और पुराने चेहरे
चार-दिवसीय मैचों के लिए घोषित टीम में चोट से उबरकर साई सुदर्शन की वापसी हुई है, जिन्हें उप-कप्तान भी बनाया गया है। दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुमार कुशाग्र को भी टीम में जगह मिली है। टीम में अमन मोखड़े, आयुष पांडे और यश राठौड़ जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एन जगदीशन और कुमार कुशाग्र संभालेंगे। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा शम्स मुलानी और तनुश कोटियान के कंधों पर होगा, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज और प्रफुल्ल हिंगे करेंगे।
वनडे टीम की कमान गायकवाड़ के हाथ
तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान और देवदत्त पडिक्कल को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। मध्यक्रम को मजबूती देने के लिए रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र और नमन धीर को चुना गया है। साई सुदर्शन को वनडे टीम में भी जगह मिली है। प्रभसिमरन सिंह से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जो शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हार्दिक पांड्या की मौजूदगी टीम को और मजबूती देगी, बशर्ते वह फिटनेस टेस्ट पास कर लें।
दोनों टीमों का पूरा स्क्वॉड
मल्टी-डे मैचों के लिए भारत ए: देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), अमन मोखड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, एन जगदीशन (विकेटकीपर), नचिकेत भुटे, वी वैश्य*।
वनडे मैचों के लिए भारत ए: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विपराज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पंड्या*, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजापनीत सिंह और यश ठाकुर।
इनपुट: IANS


