बांग्लादेश के खिलाफ करो या मरो टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया ने टीम में किए बदलाव, रेनशॉ की वापसी
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज बचाने के इरादे से ऑस्ट्रेलिया शनिवार को दक्षिण मैके में दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में उतरेगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर…
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज बचाने के इरादे से ऑस्ट्रेलिया शनिवार को दक्षिण मैके में दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में उतरेगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है, जिसमें सलामी बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ की वापसी हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रेनशॉ फरवरी 2023 के बाद अपना पहला टेस्ट खेलेंगे।
रेनशॉ को पिछले मैच में असफल रहे जेक वेदराल्ड की जगह टीम में शामिल किया गया है। वह ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। रेनशॉ ने अपना पिछला टेस्ट भारत के खिलाफ दिल्ली में खेला था, जहाँ वह डेविड वार्नर के कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे थे। अपने 14 टेस्ट मैचों के करियर में उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से 645 रन बनाए हैं।
लियोन और लाबुशेन पर भरोसा कायम
लंबे समय से बड़ी पारी के लिए संघर्ष कर रहे मार्नस लाबुशेन और स्पिनर नाथन लियोन भी अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे हैं। डार्विन में हुए पहले टेस्ट की दोनों पारियों में लाबुशेन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा जताया है। कप्तान पैट कमिंस को उम्मीद होगी कि वह मैके में एक बड़ी पारी खेलेंगे।
टीम का बाकी संयोजन
प्लेइंग इलेवन में स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर) और ब्यू वेबस्टर भी शामिल हैं। ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार शतक लगाया था। तेज गेंदबाजी की कमान कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड की तिकड़ी संभालेगी, जबकि नाथन लियोन टीम में एकमात्र स्पिन विशेषज्ञ होंगे।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: मैथ्यू रेनशॉ, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
इनपुट: IANS


