एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप: बहरीन ने ओमान को हराया, भारत ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
जापान के फुकुओका में चल रही एवीसी मेन्स वॉलीबॉल एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह पहला मौका है जब 2019 के बाद भारत इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के अंतिम आठ…
जापान के फुकुओका में चल रही एवीसी मेन्स वॉलीबॉल एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह पहला मौका है जब 2019 के बाद भारत इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के अंतिम आठ में पहुंचा है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, भारत का क्वालिफिकेशन बुधवार को बहरीन और ओमान के बीच हुए एक अहम मुकाबले के नतीजे पर निर्भर था, जिसमें बहरीन ने 3-0 से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही भारत ने अपने पूल में तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के रूप में क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया। आपको बता दें कि यह टूर्नामेंट लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों और 2027 FIVB मेन्स वॉलीबॉल वर्ल्ड कप के लिए एक महत्वपूर्ण क्वालिफिकेशन इवेंट भी है।
न्यूजीलैंड पर जीत ने जगाई थी उम्मीद
इससे पहले मंगलवार को भारत ने क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ एक निर्णायक मैच खेला था। पूल बी में तीसरे स्थान के लिए हुए इस मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को सीधे सेटों में 3-0 (25-22, 25-18, 25-21) से मात दी थी। इस जीत ने ही भारत की अंतिम आठ में पहुंचने की उम्मीदों को जीवित रखा था।
कप्तान जेरोम विनिथ का शानदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत में भारतीय टीम के कप्तान और ऑपोजिट खिलाड़ी जेरोम विनिथ चार्ल्स की भूमिका अहम रही। उन्होंने मैच में दो 'किल ब्लॉक' समेत सबसे ज्यादा 19 अंक हासिल किए। उनका साथ देते हुए आउटसाइड हिटर चिराग यादव ने 14 और अमित बलवान सिंह ने 13 प्वाइंट जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
पूल में टॉप पर रहा जापान
इस बीच, पूल के अन्य मुकाबलों में जापान ने ऑस्ट्रेलिया को 3-0 (25-20, 25-13, 25-21) से हराकर बिना कोई मैच हारे शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2-1 के जीत-हार रिकॉर्ड के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ये दोनों टीमें पहले ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी थीं।
इनपुट: IANS


