सैंडपेपर कांड: फाफ डू प्लेसिस बोले - 'स्टीव स्मिथ की कोई गलती नहीं थी, मैंने उसे हिम्मत दी थी'
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने 2018 के चर्चित 'सैंडपेपर' विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि उस घटना में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ की कोई गलती नहीं थी और मीडिया…
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने 2018 के चर्चित 'सैंडपेपर' विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि उस घटना में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ की कोई गलती नहीं थी और मीडिया के दबाव में उन्हें जिम्मेदारी लेनी पड़ी थी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, डू प्लेसिस ने क्रिकइन्फो पर बातचीत में बताया कि जब स्मिथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की जिम्मेदारी ली तो उन्हें बहुत हैरानी हुई थी।
डू प्लेसिस ने कहा, "मैंने सोचा कि तुम जिम्मेदारी क्यों ले रहे हो? तुमने कुछ गलत नहीं किया।" उन्होंने उस दौर को याद करते हुए बताया कि मुश्किल समय में उन्होंने स्मिथ को एक संदेश भी भेजा था। उन्होंने लिखा, "सुनो, मुझे बहुत दुख है कि तुम इस दौर से गुजर रहे हो। बस हिम्मत रखो। एक सप्ताह नरक जैसा लगेगा, फिर सब ठीक हो जाएगा।" डू प्लेसिस ने कहा कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि स्मिथ को इस प्रकरण से उबरने में एक साल लग जाएगा।
जब स्मिथ ने दिखाई थी इंसानियत
इस बातचीत में फाफ डू प्लेसिस ने 2016 के अपने 'मिंटगेट' विवाद का भी जिक्र किया, जब होबार्ट टेस्ट में उन पर मिठाई से गेंद चमकाने का आरोप लगा था। उन्होंने बताया कि उस वक्त स्टीव स्मिथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनका बचाव किया था। स्मिथ ने कहा था, "नहीं, वो चीटिंग नहीं कर रहा, वो सिर्फ बॉल को चमका रहा है।" डू प्लेसिस के मुताबिक, "उसने दबाव बनाने की जगह उस समय इंसानियत को चुना। उस दिन दक्षिण अफ्रीकी टीम के दिल में स्टीव स्मिथ के लिए जो इज्जत बनी, वो कमाल की थी।"
क्या था सैंडपेपर विवाद?
2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट के दौरान यह विवाद सामने आया था। उस समय फाफ डू प्लेसिस दक्षिण अफ्रीका के और स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के कप्तान थे। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की शक्ल बिगाड़ते हुए कैमरे पर पकड़ा गया था। इस घटना के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कप्तान स्टीव स्मिथ और उप-कप्तान डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। उस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 322 रनों से हराया था।
इनपुट: IANS


