BBL: सिडनी सिक्सर्स ने कीवी विस्फोटक बल्लेबाज़ टिम सीफर्ट को टीम में शामिल किया, स्टीव स्मिथ की लेंगे जगह
ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी सिक्सर्स ने अगले सीज़न के लिए अपनी टीम को मज़बूत करते हुए एक बड़ा करार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, न्यूज़ीलैंड के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज़ टिम…
ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी सिक्सर्स ने अगले सीज़न के लिए अपनी टीम को मज़बूत करते हुए एक बड़ा करार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, न्यूज़ीलैंड के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज़ टिम सीफर्ट अब सिडनी सिक्सर्स की टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने क्लब के साथ एक साल का अनुबंध किया है। सीफर्ट इससे पहले मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते थे।
सिडनी सिक्सर्स में टिम सीफर्ट को दिग्गज बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ की जगह शामिल किया गया है, जो अपने अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल की व्यस्तता के कारण BBL 16 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। सीफर्ट के आने से टीम की ओपनिंग बल्लेबाज़ी को नई धार मिलने की उम्मीद है।
शानदार फॉर्म में हैं सीफर्ट
टिम सीफर्ट इस समय बेहतरीन लय में हैं। हाल ही में इंग्लैंड में हुई 'द हंड्रेड' लीग में उन्होंने अपनी टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट की 10 पारियों में 168.37 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 394 रन बनाए थे। फाइनल में भी उन्होंने ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ महज़ 38 गेंदों पर 72 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। इसी शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था।
बाबर आज़म के लिए बढ़ी चुनौती
सीफर्ट के सिक्सर्स से जुड़ने का असर पाकिस्तान के बल्लेबाज़ बाबर आज़म पर पड़ सकता है। पिछले सीज़न में बाबर टीम से जुड़े थे और स्मिथ के साथ पारी की शुरुआत कर रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में अब सीफर्ट के आने से टीम में उनकी जगह को लेकर मुश्किलें बढ़ सकती हैं और उन्हें अगले सीज़न से पहले ड्रॉप भी किया जा सकता है।
'सफल क्लब से जुड़ना खुशी की बात'
सिडनी सिक्सर्स के साथ जुड़ने पर सीफर्ट ने खुशी ज़ाहिर की। क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक, उन्होंने कहा, "सिक्सर्स इस कॉम्पिटिशन के सबसे जाने-माने और सफल क्लबों में से एक है, इसलिए इस ग्रुप में शामिल होना मेरे लिए खुशी की बात है। मुझे हमेशा ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट खेलना पसंद रहा है, और बिग बैश एक ऐसा टूर्नामेंट है जिसका हिस्सा बनकर मुझे सच में मजा आता है।"
वहीं, सिक्सर्स की जीएम रेचल हेन्स ने सीफर्ट की तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाज़ों में से एक बताया। उन्होंने कहा, "हम लंबे समय से उनकी तारीफ करते रहे हैं, और उनका अनुभव, अटैकिंग इरादा और मैच जिताने की काबिलियत उन्हें सिक्सर्स के लिए अहम बनाती है।"
इनपुट: IANS


