रणजी में 60 विकेट, IPL कॉन्ट्रैक्ट, और फिर आया टीम इंडिया का वो कॉल: औकिब नबी का अनसुना किस्सा
जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज औकिब नबी के लिए वह दिन किसी सपने के सच होने जैसा था, जब वह एयरपोर्ट पर बेंगलुरु की फ्लाइट पकड़ने जा रहे थे और उन्हें बताया गया कि उनकी मंजिल अब श्रीलंका है…
जम्मू-कश्मीर के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज औकिब नबी के लिए वह दिन किसी सपने के सच होने जैसा था, जब वह एयरपोर्ट पर बेंगलुरु की फ्लाइट पकड़ने जा रहे थे और उन्हें बताया गया कि उनकी मंजिल अब श्रीलंका है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, नबी को चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में उस पल को याद करते हुए नबी ने कहा, "मैं एयरपोर्ट पर था... तो मुझे एक कॉल आया और पूछा कि मैं कहां हूं। मैंने कहा, 'सर, मैं बैंगलोर जा रहा हूं...।' उन्होंने कहा, 'नहीं, तुम्हें वहां जाने की जरूरत नहीं है, तुम्हें श्रीलंका आना होगा, और तुम्हारा चयन हो गया है।'" उन्होंने बताया कि पहले तो उन्हें इस खबर पर यकीन ही नहीं हुआ।
शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
औकिब नबी का यह चयन कोई तुक्का नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में उनकी लगातार कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने पिछले रणजी सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए 60 विकेट चटकाए थे और जम्मू-कश्मीर को पहली बार चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई थी। इसी दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स से अपना पहला कॉन्ट्रैक्ट भी मिला था।
टीम इंडिया में चयन को लेकर नबी ने कहा, "हां, मुझे उम्मीदें थीं... आपका काम प्रदर्शन करना है, और बाकी सब देख लेंगे। आज नहीं तो कल मैं भारतीय टीम में शामिल हो जाऊंगा।" उन्होंने आगे कहा, "आप इतने सालों से अच्छा कर रहे हैं। आपको अपनी मेहनत का फल मिलना ही चाहिए।"
जम्मू-कश्मीर के लिए ऐतिहासिक पल
औकिब नबी भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मेरा परिवार बहुत खुश है। मेरे लिए इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।" नबी ने भारतीय ड्रेसिंग रूम के अनुभव को भी खास बताया, जहां वह उन खिलाड़ियों के साथ नेट और ड्रेसिंग रूम साझा कर रहे हैं, जिन्हें वह अब तक टीवी पर देखते आए थे। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा।
इनपुट: IANS


