IND vs AFG T20: भारत के लिए राशिद से बड़ा खतरा बनेंगे मोहम्मद नबी? पूर्व चयनकर्ता ने बताई रणनीति
भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार से शुरू हो रही टी20 सीरीज में टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्पिन गेंदबाजी की होगी। हालांकि, पूर्व भारतीय चयनकर्ता सरनदीप सिंह का मानना है कि भारत के लिए…
भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार से शुरू हो रही टी20 सीरीज में टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्पिन गेंदबाजी की होगी। हालांकि, पूर्व भारतीय चयनकर्ता सरनदीप सिंह का मानना है कि भारत के लिए खतरनाक लेग स्पिनर राशिद खान से पहले अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी एक बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, सरनदीप ने कहा कि अफगानिस्तान की टीम भारतीय ओपनर्स के खिलाफ नई गेंद से ही नबी को आजमा सकती है।
सरनदीप सिंह का विश्लेषण है कि अगर भारत वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाजों के साथ ओपनिंग करता है, तो अफगानिस्तान पावरप्ले में ही मोहम्मद नबी को गेंदबाजी आक्रमण पर लगा सकता है। उन्होंने कहा, "नई गेंद से ऑफ स्पिन खेलने पर रन बनाना आसान नहीं होता। यह उनकी रणनीति हो सकती है। हमने टी20 वर्ल्ड कप में देखा था कि अभिषेक शर्मा को शुरुआत में ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ काफी मुश्किल हुई थी।"
अफगानिस्तान को कम आंकने की भूल न करे भारत
पूर्व ऑफ स्पिनर ने दुनियाभर की टी20 लीग में खेलने के अनुभव को अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि उनके ज्यादातर खिलाड़ी बड़ी लीगों का हिस्सा हैं और उन्हें टी20 का भरपूर अनुभव है। सरनदीप के मुताबिक, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह सीरीज एक कड़ी परीक्षा होगी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि राशिद खान से ज़्यादा मोहम्मद नबी अहम भूमिका निभाएंगे, खासकर अगर वह नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं।"
बुमराह की वापसी और भारतीय गेंदबाजी कॉम्बिनेशन
जसप्रीत बुमराह की वापसी को सरनदीप ने टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट बताया है। उन्होंने कहा, "बुमराह की वापसी भारत के लिए एक बड़ा फायदा है, क्योंकि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है।" उन्होंने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बुमराह को फिटनेस पर काम करते हुए देखने का अनुभव भी साझा किया। स्पिन विभाग पर बात करते हुए उन्होंने वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल के कॉम्बिनेशन को सबसे बेहतर बताया, क्योंकि यह गेंदबाजी में विविधता के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी गहराई देता है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को लेकर उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां तीनों मैचों में खूब रन बनेंगे।
इनपुट: IANS


