रविवार, 30 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: गिल, जडेजा और कुलदीप की नजरें इन 5 बड़े रिकॉर्ड्स पर

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज सिर्फ टीमों के लिए ही नहीं, बल्कि कुछ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत कीर्तिमानों के लिए भी बेहद अहम होने वाली है। समाचार एजेंसी IANS…

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: गिल, जडेजा और कुलदीप की नजरें इन 5 बड़े रिकॉर्ड्स पर
(फोटो: IANS)

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज सिर्फ टीमों के लिए ही नहीं, बल्कि कुछ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत कीर्तिमानों के लिए भी बेहद अहम होने वाली है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीरीज के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और स्पिनर कुलदीप यादव कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

कप्तान शुभमन गिल के पास इस सीरीज में दोहरी उपलब्धि हासिल करने का शानदार अवसर है। अगर वह एक शतक बना लेते हैं, तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और जो रूट को पीछे छोड़ देंगे। गिल इस साइकिल में अब तक 5 शतक जड़ चुके हैं। वहीं, अगर वह दो शतक लगाने में कामयाब रहे, तो वह बतौर भारतीय टेस्ट कप्तान सबसे ज्यादा शतक (7) के मामले में सचिन तेंदुलकर से आगे निकल जाएंगे। गिल के नाम अभी कप्तान के तौर पर 6 शतक दर्ज हैं।

जडेजा और कुलदीप भी रचेंगे इतिहास?

स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने से सिर्फ दो कदम दूर हैं। यह उपलब्धि हासिल करते ही वह अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह के बाद ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। इसके अलावा, जडेजा के पास भारत-श्रीलंका टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 भारतीय गेंदबाजों में शामिल होने का भी मौका है। अभी वह 33 विकेट के साथ छठे स्थान पर हैं और 4 विकेट लेते ही वह 36 विकेट वाले ईशांत शर्मा को पीछे छोड़ देंगे।

वहीं, स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव एशिया में 250 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने से बस एक विकेट दूर हैं। उन्होंने एशियाई परिस्थितियों में अब तक 141 पारियों में 24.14 की औसत से 249 विकेट चटकाए हैं।

कप्तानी में भी रिकॉर्ड बनाने का मौका

बल्लेबाजी के अलावा शुभमन गिल की नजर कप्तानी के एक खास रिकॉर्ड पर भी होगी। अगर भारतीय टीम इस सीरीज में श्रीलंका को 2-0 से हरा देती है, तो गिल भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने के मामले में पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी (6 जीत) को पीछे छोड़ देंगे। गिल की कप्तानी में भारत ने अब तक 9 टेस्ट में से 5 जीते हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →