पडिक्कल के शानदार शतक की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में बनाए 462 रन
गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम 462 रनों का मजबूत स्कोर बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के इस बड़े स्कोर की नींव सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने रखी…
गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम 462 रनों का मजबूत स्कोर बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के इस बड़े स्कोर की नींव सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने रखी, जिन्होंने अपने बेहतरीन शतक से टीम को शानदार स्थिति में पहुंचाया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के तीसरे दिन पहले ही ओवर में असिथा फर्नांडो ने प्रसिद्ध कृष्णा (2) को आउट कर भारत की पारी का अंत किया।
देवदत्त पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 167 रनों की लाजवाब पारी खेली। उन्होंने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बाद में उन्होंने ऋषभ पंत के साथ भी 71 रन जोड़े।
राहुल और जुरेल के भी अर्धशतक
पडिक्कल के अलावा केएल राहुल और ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाकर भारत के स्कोर में अहम योगदान दिया। राहुल ने 175 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 82 रन बनाए। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 68 गेंदों पर 51 रनों की तेज पारी खेली।
हालांकि, यशस्वी जायसवाल (32) और ऋषभ पंत (39) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे। कप्तान शुभमन गिल केवल 16 रन बना सके, जबकि रवींद्र जडेजा ने 13 रनों का योगदान दिया। निचले क्रम में मानव सुथार ने 24, मोहम्मद सिराज ने 11 और कुलदीप यादव ने नाबाद 13 रन बनाए।
श्रीलंकाई गेंदबाजों का प्रदर्शन
श्रीलंका की ओर से स्पिनर प्रभात जयसूर्या सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 109 रन देकर चार विकेट झटके। अपना पहला टेस्ट खेल रहे केशरा नुवांथा ने तीन विकेट लेकर प्रभावित किया, जबकि असिथा फर्नांडो को दो सफलताएं मिलीं। गौरतलब है कि मैच के पहले और दूसरे दिन बारिश के कारण खेल काफी बाधित हुआ था।
इनपुट: IANS


