मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत आएंगी पाकिस्तानी टीम, 1 नवंबर को होगी टक्कर

हॉकी के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले का मंच एक बार फिर सजने जा रहा है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान 2026 मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी…

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत आएंगी पाकिस्तानी टीम, 1 नवंबर को होगी टक्कर
(फोटो: IANS)

हॉकी के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले का मंच एक बार फिर सजने जा रहा है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान 2026 मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए अपनी टीम भेजेगा। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने यह भी साफ किया कि दोनों देशों के हॉकी फेडरेशन के बीच रिश्ते बेहद अच्छे हैं। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मैच 1 नवंबर को खेला जाएगा।

भोलानाथ सिंह ने बताया, "मैं आपको क्लियर बताना चाहता हूं कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रेसिडेंट और उनके सभी अधिकारियों से मेरी बात हुई है। निजी तौर पर भारत और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम लोग आपस में बात करते हैं और वो लोग टीम भेजने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"

मैच का उत्साह और तैयारियां

भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दर्शकों के जबरदस्त उत्साह को स्वीकार करते हुए सिंह ने कहा कि इसके लिए कोई विशेष तैयारी नहीं की जा रही है। उनके मुताबिक, सभी टीमों के लिए एक जैसी ही शानदार व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, "देखिए, इससे पहले भी पाकिस्तान की टीम भारत में आकर कई बार खेल चुकी है। उनके लिए कोई विशेष तैयारी नहीं की गई है, जो तैयारी बाकी टीमों के लिए की गई है वही उनके लिए भी है। हम हर टीम के लिए शानदार तैयारी करते हैं और मेरे लिए सभी टीमें बराबर हैं।"

हालांकि, उन्होंने मैच के जुनून पर जोर देते हुए कहा, "हां, भारत और पाकिस्तान मैच को लेकर एक अलग उत्साह और दर्शकों में उमंग होता है। दोनों टीमों के बीच जब मुकाबला होता है, तो जोश अलग होता है और वही जोश आपको पंजाब की धरती पर देखने को मिलेगा।"

पंजाब में आयोजन और सरकारी मंजूरी

टूर्नामेंट की मेजबानी पंजाब को मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए महासचिव ने कहा कि देश के ज्यादातर हॉकी खिलाड़ी इसी राज्य से आते हैं। उन्होंने कहा, "हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह इंटरनेशनल टूर्नामेंट अपनी धरती पर भी खेले।" भोलानाथ सिंह के अनुसार, इस बार पंजाब के खिलाड़ियों का यह सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने सरकारी नीति का भी जिक्र किया, जिसके तहत आधिकारिक टूर्नामेंट में टीमों के आने-जाने पर कोई रोक नहीं है। सिंह ने स्पष्ट किया, "एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में जो बेस्ट टीमें होती हैं वही हिस्सा लेती हैं और हम उन्हें एशियन हॉकी फेडरेशन के माध्यम से बुलाते हैं।"

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →