एशिया कप: भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम खिताब बचाने बांग्लादेश रवाना होगी, 17 खिलाड़ियों का ऐलान
एक दशक के लंबे अंतराल के बाद हो रहे दूसरे पुरुष ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप में अपने खिताब का बचाव करने के लिए भारतीय टीम तैयार है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द…
एक दशक के लंबे अंतराल के बाद हो रहे दूसरे पुरुष ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप में अपने खिताब का बचाव करने के लिए भारतीय टीम तैयार है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जो 15 से 20 नवंबर तक ढाका, बांग्लादेश में होने वाले इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
टीम का चयन 10 दिनों के एक गहन कोचिंग और चयन शिविर के बाद किया गया, जिसमें कुल 24 संभावित खिलाड़ी शामिल थे। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस, तकनीकी कौशल और समग्र तैयारी का मूल्यांकन किया गया। टूर्नामेंट के लिए रवाना होने से पहले, चुनी गई टीम दिल्ली-एनसीआर में एक महीने के विशेष तैयारी शिविर में प्रशिक्षण लेगी। इस दौरान बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग से लेकर फिटनेस और मैच की रणनीति पर काम किया जाएगा।
टीम में शामिल खिलाड़ी और उनकी श्रेणियां
टीम को तीन दृष्टिबाधित श्रेणियों (B1, B2, B3) में बांटा गया है। B1 श्रेणी में नरेश तुमदा, संजय कुमार शाह, देबराज बेहरा, अशोक रेड्डी, प्रवीण कुमार शर्मा और मुकेश कुमार रावत को जगह मिली है। वहीं, B2 श्रेणी में दुन्ना वेंकटेश्वर राव, रणबीर सिंह, लोकेशा, मनीष कुमार और नकुला बडनायक शामिल हैं। B3 श्रेणी में दुर्गा राव टोम्पाकी, सुनील रमेश, सुखराम माझी, ए. रवि, दिनेश रथवा और दीपक को चुना गया है।
गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने की उम्मीद
CABI के चेयरमैन डॉ. महांतेश जी. किवादासनवर ने टीम को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "पुरुष ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने गए 17 खिलाड़ियों को बधाई। हर खिलाड़ी ने राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। हमें उम्मीद है कि वे भारत की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाएंगे और अपना खिताब बचाने में सफल रहेंगे। मैं टीम की सफलता की कामना करता हूं।"
गौरतलब है कि भारत मौजूदा चैंपियन है। जनवरी 2016 में कोच्चि में आयोजित पहले ब्लाइंड टी20 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 44 रनों से हराकर खिताब जीता था। उस मैच में भारत ने 208/5 का स्कोर बनाया था और पाकिस्तान को 164 रनों पर रोक दिया था।
इनपुट: IANS


