छात्रों पर लाठीचार्ज से दुखी दिलजीत दोसांझ, कहा- 'किसानों के मुद्दे पर भी देशद्रोही कहा गया'
नीट परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना ने कई लोगों को झकझोर दिया है। इस मामले पर अब अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने…
नीट परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना ने कई लोगों को झकझोर दिया है। इस मामले पर अब अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिलजीत ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा कर छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर दुख जताया और अधिकारियों से उनकी मांगें सुनने की अपील की।
दिलजीत ने अपनी पोस्ट में लिखा, "जो हुआ, वह बहुत गलत था। छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए था। मैं अधिकारियों से अपील करता हूं कि वे छात्रों की मांगों को सुनें। लोगों की आवाज ही भगवान की आवाज होती है।"
पुराने अनुभव को किया याद
इस घटना पर अपनी बात रखते हुए दिलजीत ने किसान आंदोलन के दौरान अपने अनुभवों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि किस तरह अपनी आवाज उठाने के कारण उन्हें 'देशविरोधी' कहा गया था और कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे पहले भी देशविरोधी कहा जा चुका है और अब भी शायद ऐसा ही कहा जाएगा। किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी विरोध और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं अभी बात भी नहीं कर सकता। अब आगे जो होगा, उसे भगवान ही संभालेंगे।"
सोनू सूद और आयशा ने भी जताई चिंता
छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करने वालों में दिलजीत अकेले नहीं हैं। अभिनेता सोनू सूद ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए लिखा, "हमारे छात्रों को लाठियां नहीं, गले लगाने वाले हाथ चाहिए।"
वहीं, अभिनेत्री आयशा अहमद ने भी इसे 'दुखद और दिल दहला देने वाला' बताया। उन्होंने लिखा कि उनके कुछ दोस्त वहां मौजूद थे और प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। आयशा ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि आज जिन लोगों ने तकलीफें झेलीं, उनका संघर्ष बेकार नहीं जाएगा।"
इनपुट: IANS


