बोमन ईरानी ने की 'फ्रैजाइल एक्स सिंड्रोम' पर चर्चा की अपील, कहा- सिनेमा से बढ़ेगी जागरूकता
जाने-माने अभिनेता बोमन ईरानी ने ऑटिज्म से जुड़े एक अहम लेकिन कम चर्चित विषय 'फ्रैजाइल एक्स सिंड्रोम' पर जागरूकता फैलाने की पुरजोर वकालत की है। उनका मानना है कि जब तक इस सिंड्रोम पर खुलकर बात नहीं…
जाने-माने अभिनेता बोमन ईरानी ने ऑटिज्म से जुड़े एक अहम लेकिन कम चर्चित विषय 'फ्रैजाइल एक्स सिंड्रोम' पर जागरूकता फैलाने की पुरजोर वकालत की है। उनका मानना है कि जब तक इस सिंड्रोम पर खुलकर बात नहीं होगी, तब तक ऑटिज्म को लेकर हमारी समझ अधूरी ही रहेगी। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इस गंभीर मुद्दे पर लोगों का ध्यान खींचने के लिए सिनेमा की ताकत पर जोर दिया।
शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए बोमन ने कहा कि फिल्में जटिल विषयों को आम लोगों तक आसानी से पहुंचा सकती हैं। उन्होंने 'फ्रैजाइल' नाम की एक फिल्म का जिक्र किया, जो इस सिंड्रोम से जुड़ी चुनौतियों को बड़ी सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ दिखाती है। उन्होंने लिखा, "यह उन लोगों और उनके परिवारों की कहानी है, जो हर दिन हिम्मत, धैर्य, संघर्ष और प्यार के साथ इस स्थिति का सामना करते हैं।"
सिनेमा की भूमिका और जागरूकता
बोमन ईरानी ने इस बात पर जोर दिया कि सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत उन कहानियों को सामने लाना है, जिन पर अक्सर ध्यान नहीं जाता। उन्होंने कहा, "एक अच्छी कहानी सोच बदल सकती है, बातचीत की शुरुआत कर सकती है और हमें एक-दूसरे को ज्यादा समझने और महसूस करने की प्रेरणा दे सकती है।"
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को 'विश्व फ्रैजाइल एक्स जागरूकता दिवस' मनाया जाता है और उनकी उम्मीद है कि इससे पहले 'फ्रैजाइल' फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। अभिनेता ने कहा, "'ऑटिज्म' के बारे में जागरूकता तब तक पूरी नहीं हो सकती, जब तक हम 'फ्रैजाइल एक्स सिंड्रोम' की बात न करें, क्योंकि यह ऑटिज्म का सबसे आम एकल जीन कारण माना जाता है।"
लोगों से बातचीत का हिस्सा बनने का आग्रह
अपने संदेश के अंत में बोमन ईरानी ने सभी से फिल्म देखने और इसके संदेश को दूसरों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने लिखा, "मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि 'फ्रैजाइल' देखें, इसका संदेश दूसरों तक पहुंचाएं और इस जरूरी बातचीत का हिस्सा बनें। कई बार किसी को समझने की शुरुआत सिर्फ एक कहानी से होती है।" बोमन चुनिंदा मुद्दों पर ही अपनी राय रखते हैं, लेकिन जब भी बोलते हैं तो उनकी बात में दम होता है।
इनपुट: IANS


