बैडमिंटन में बड़ा उलटफेर: वर्ल्ड चैंपियन जोड़ी को हराकर चाइना मास्टर्स से किया बाहर
हाल ही में वर्ल्ड चैंपियन बने फ्रांस के थॉम गिक्वेल और डेल्फिन डेलरू को चाइना मास्टर्स के अपने पहले ही मैच में एक अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। चीनी ताइपे की लियू कुआंग हेंग और ह्सू यिन-हुई…
हाल ही में वर्ल्ड चैंपियन बने फ्रांस के थॉम गिक्वेल और डेल्फिन डेलरू को चाइना मास्टर्स के अपने पहले ही मैच में एक अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। चीनी ताइपे की लियू कुआंग हेंग और ह्सू यिन-हुई की जोड़ी ने बुधवार को BWF सुपर 750 टूर्नामेंट में सनसनी फैलाते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी जोड़ी को सीधे गेम में शिकस्त दे दी।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की 48वें नंबर की इस जोड़ी ने यह मुकाबला मात्र 38 मिनट में 23-21, 21-10 से अपने नाम किया। पहले गेम में 17-19 से पिछड़ने के बावजूद लियू और ह्सू ने शानदार वापसी करते हुए न सिर्फ स्कोर बराबर किया, बल्कि एक गेम पॉइंट बचाकर सेट भी जीत लिया।
आक्रामक रणनीति और बढ़ा हुआ आत्मविश्वास
इस जीत के बाद ह्सू यिन-हुई ने अपनी सफलता का श्रेय आक्रामक खेल को दिया। उन्होंने कहा, "यह हमारा अटैक था। हमने वही किया जो हमें करना था और अपने गेम प्लान को अच्छे से लागू किया।" लियू कुआंग हेंग ने बताया कि पहले गेम की नाटकीय जीत ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने कहा, "हमें पता था कि वे हाल ही में विश्व चैंपियन बने हैं, इसलिए हम उनके खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते थे। हम उन्हें हराने के लिए और भी ज्यादा प्रेरित थे।"
लियू ने आगे जोड़ा कि इस जीत से कमजोर मानी जा रही उनकी जोड़ी का आत्मविश्वास बढ़ा, जबकि वर्ल्ड चैंपियंस पर दबाव आ गया। उन्होंने कहा, "दबाव उन पर था और हमारा मूड अच्छा था। इससे हमें और भी अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने खेलने के तरीके पर कायम रहने में मदद मिली।"
हार पर वर्ल्ड चैंपियन की प्रतिक्रिया
वहीं, इस अप्रत्याशित हार से निराश थॉम गिक्वेल ने स्वीकार किया कि उनकी जोड़ी अपने सामान्य स्तर का प्रदर्शन नहीं कर सकी। वर्ल्ड चैंपियन बनने के ठीक दो हफ्ते बाद यह उनका पहला टूर्नामेंट था। गिक्वेल ने माना, "यह अच्छा प्रदर्शन नहीं था। शुरुआत ठीक थी, लेकिन फिर हम थोड़े तनाव में आ गए। हम अपना खेल खेलना और उन्हें मूव कराना भूल गए।"
शानदार फॉर्म में ताइपे की जोड़ी
लियू और ह्सू के लिए यह जीत उनकी हालिया बेहतरीन फॉर्म को दर्शाती है। इस जोड़ी ने जून के अंत में यूएस ओपन का खिताब जीता था और उसके तुरंत बाद कनाडा ओपन के फाइनल तक का सफर तय किया था। ह्सू ने बताया कि बेहतर तालमेल और सर्विस-रिसीव पर की गई मेहनत अब रंग ला रही है।
इनपुट: IANS


