मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का तीनों फॉर्मेट में क्यों डूब रहा है जहाज़? 3 बड़ी वजहें आईं सामने

कभी मैदान पर अपनी आक्रामकता और स्लेजिंग से विपक्षी टीमों के हौसले पस्त कर देने वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम अब पहले जैसी नहीं रही। 6 बार की विश्व विजेता होने के बावजूद, पिछले कुछ समय से क्रिकेट के…

चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का तीनों फॉर्मेट में क्यों डूब रहा है जहाज़? 3 बड़ी वजहें आईं सामने
(फोटो: IANS)

कभी मैदान पर अपनी आक्रामकता और स्लेजिंग से विपक्षी टीमों के हौसले पस्त कर देने वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम अब पहले जैसी नहीं रही। 6 बार की विश्व विजेता होने के बावजूद, पिछले कुछ समय से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में उसका प्रदर्शन लगातार गिर रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई अहम खिलाड़ी चोटिल हैं, बेंच स्ट्रेंथ कमज़ोर पड़ गई है और टीम का वो पुराना आक्रामक तेवर भी कहीं खो गया है, जिसके लिए वह जानी जाती थी।

2023 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद से टीम के प्रदर्शन में गिरावट साफ दिख रही है। कंगारू टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सुपर 8 स्टेज से ही बाहर हो गई। वनडे में उसे इतिहास में पहली बार पाकिस्तान और फिर बांग्लादेश से सीरीज़ गंवानी पड़ी। यहाँ तक कि टेस्ट क्रिकेट में भी बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में पहली बार मात दी।

चोटों से जूझते सीनियर खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलियाई टीम के बदलाव के दौर में सबसे बड़ी समस्या उसके अनुभवी खिलाड़ियों का चोटिल होना है। 2023 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान पैट कमिंस ने उसके बाद से सिर्फ 2 ही वनडे मैच खेले हैं। मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख गेंदबाज़ भी लगातार चोटों से परेशान रहे हैं। जब सीनियर खिलाड़ी मैदान से बाहर होते हैं, तो इसका असर टीम के प्रदर्शन पर साफ़ दिखता है। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल जैसे कुछ दिग्गजों का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।

कमज़ोर बेंच स्ट्रेंथ ने बढ़ाई चिंता

एक वक्त था जब ऑस्ट्रेलिया की बेंच स्ट्रेंथ भी मुख्य टीम जितनी ही मजबूत मानी जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। टेस्ट और वनडे, दोनों फॉर्मेट में टीम के पास ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो विपक्षी टीम पर हावी हो सकें। टेस्ट क्रिकेट में तो एक मज़बूत बल्लेबाज़ी क्रम तक नज़र नहीं आता। इसी कमज़ोर बेंच स्ट्रेंथ का नतीजा था कि ऑस्ट्रेलिया को साल 2026 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज़ में हार का सामना करना पड़ा।

कहां गया वो आक्रामक अंदाज़?

स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाला दौर टीम की आक्रामकता के लिए याद किया जाता है। खिलाड़ी अपने रवैये और स्लेजिंग से ही आधा मैच जीत लेते थे। लेकिन मौजूदा टीम में वो तेवर और लड़ने का जज़्बा नहीं दिखता। दुनिया भर की टी20 लीग में दूसरे देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने से आपसी व्यवहार नरम हुआ है, जिसका असर मैदान पर भी नज़र आता है। चिंता की बात यह है कि भविष्य के माने जा रहे युवा खिलाड़ियों में भी वो बात नहीं दिख रही, जिससे टीम का भविष्य सुरक्षित माना जा सके।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →