तमिलनाडु के छात्रों का कमाल: बनाई ऐसी स्पोर्ट्स T-Shirt जो गेंद लगते ही बन जाती है 'कवच'
क्रिकेट, हॉकी या फुटबॉल जैसे तेज रफ़्तार वाले खेलों में अब खिलाड़ियों को गेंद लगने से होने वाली गंभीर चोटों से बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। तमिलनाडु के तीन इंजीनियरिंग छात्रों ने एक ऐसी स्मार्ट स्पोर्ट्स…
क्रिकेट, हॉकी या फुटबॉल जैसे तेज रफ़्तार वाले खेलों में अब खिलाड़ियों को गेंद लगने से होने वाली गंभीर चोटों से बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। तमिलनाडु के तीन इंजीनियरिंग छात्रों ने एक ऐसी स्मार्ट स्पोर्ट्स टी-शर्ट विकसित की है, जो गेंद की टक्कर लगते ही सख्त होकर किसी कवच की तरह काम करती है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस अनूठे इनोवेशन के लिए छात्रों को सरकार द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय हैकाथॉन में विजेता घोषित किया गया है।
सोना कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के बी.टेक (फैशन टेक्नोलॉजी) के छात्र नंदीश्वर एम., जी. सरन और सुष्मिता के.एस. ने यह विशेष टी-शर्ट डिजाइन की है। उन्होंने इसके अंदर एक खास परत लगाई है, जो 'शियर-थिकनिंग फ्लूइड' (STF) नामक एक आधुनिक पदार्थ से बनी है। इसकी खासियत यह है कि सामान्य अवस्था में यह तरल और लचीला रहता है, लेकिन जैसे ही कोई तेज झटका या दबाव महसूस करता है, यह तुरंत ठोस और सख्त हो जाता है। यह तकनीक गेंद की टक्कर से पैदा हुई ऊर्जा को सोखकर पूरे हिस्से में फैला देती है, जिससे शरीर पर असर कम हो जाता है।
700 टीमों को पछाड़कर जीता पहला इनाम
यह उपलब्धि छात्रों ने नई दिल्ली में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित 'संरचना डिजाइन इनोवेशन हैकाथॉन' में हासिल की। कपड़ा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें इन छात्रों की टीम अव्वल रही। विजेता के तौर पर उन्हें 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। कॉलेज का कहना है कि इस प्रोजेक्ट का मकसद खिलाड़ियों को भारी-भरकम सुरक्षा उपकरणों का एक हल्का और आरामदायक विकल्प देना है।
कॉलेज की एक और टीम को मिला सम्मान
इसी प्रतियोगिता में सोना कॉलेज की एक अन्य टीम को भी उनके इनोवेशन के लिए सराहा गया। सुप्रिया ई., मोनिका एस. और कबीला श्री एन.आर. की टीम को 'बेस्ट इनोवेशन प्रोजेक्ट' श्रेणी में 'स्पेशल इनोवेशन रिकग्निशन अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करके सूती कपड़े को आग-रोधी बनाने की एक पर्यावरण-अनुकूल प्रक्रिया विकसित की है। कॉलेज के प्रिंसिपल एस.आर.आर. सेंथिलकुमार ने छात्रों को बधाई देते हुए इसे संस्थान में व्यावहारिक शिक्षा और नवाचार पर दिए जा रहे जोर का नतीजा बताया।
इनपुट: IANS


