कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स: अहमदाबाद में इतिहास रचने उतरेगी भारत की 18-सदस्यीय टीम
भारत पहली बार कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की मेज़बानी करने जा रहा है और इस ऐतिहासिक अवसर के लिए 18 भारतीय खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। 7 से 10 अक्टूबर तक अहमदाबाद के वीर सावरकर…
भारत पहली बार कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की मेज़बानी करने जा रहा है और इस ऐतिहासिक अवसर के लिए 18 भारतीय खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। 7 से 10 अक्टूबर तक अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले इस टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में भारत की नज़रें अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर करने पर होंगी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में लगभग 46 कॉमनवेल्थ देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
यह आयोजन बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (BSFI) के 100 साल पूरे होने के जश्न का भी एक अहम हिस्सा है। इसे वर्ल्ड कन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स (WCBS) और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट का भी समर्थन प्राप्त है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी, क्योंकि 2025 में मॉरिशस में हुए पहले संस्करण में उसने कुल पांच मेडल अपने नाम किए थे।
पिछली बार के पदकवीर फिर मैदान में
पिछले संस्करण में भारत के लिए पदक जीतने वाले तीनों खिलाड़ी इस बार भी टीम का हिस्सा हैं। विद्या पिल्लई ने विमेंस हेबॉल में स्वर्ण पदक, शिवम अरोड़ा ने मेंस हेबॉल में रजत और चित्रा मगिमाइराज ने विमेंस 10-बॉल पूल में रजत पदक जीता था। इन तीनों को उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर इस साल की चैंपियनशिप में सीधी एंट्री मिली है और वे घरेलू दर्शकों के सामने अपने पदकों का रंग बेहतर करना चाहेंगे।
मौजूदा कॉमनवेल्थ विमेंस हेबॉल चैंपियन विद्या पिल्लई ने कहा, “पहला कॉमनवेल्थ खिताब जीतना बहुत खास था, लेकिन भारत में इसे डिफेंड करना इस संस्करण को और भी खास बनाता है। हम जानते हैं कि प्रतियोगिता कड़ी होगी, लेकिन घरेलू दर्शकों से हमें अतिरिक्त प्रोत्साहन मिल सकता है।” वहीं, शिवम अरोड़ा ने कहा, “मॉरिशस में मिले सिल्वर मेडल ने मुझे बहुत आत्मविश्वास दिया, लेकिन इसने मुझे और जीतने की चाहत भी जगाई।”
अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का मिश्रण
इस बार भारतीय टीम में अनुभवी और उभरते हुए खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिल रहा है। महिला वर्ग में IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन और रेवन्ना उमादेवी इंग्लिश बिलियर्ड्स में चुनौती पेश करेंगी। वहीं, स्नूकर में कीर्तना पांडियन, श्रुति लक्ष्मीनारायणन और इशिका शाह देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। चित्रा मगिमाइराज और अमी कमानी भी टीम का हिस्सा हैं।
पुरुष टीम में सिद्धार्थ पारिख, लक्ष्मण रावत और संदीप गुलाटी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ रेयान रजमी और पारस गुप्ता जैसे युवा चेहरे भी शामिल हैं। लक्ष्मण रावत और आदित्य मेहता स्नूकर में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस चैंपियनशिप में बिलियर्ड्स को पहली बार शामिल किया गया है, जिससे पुरुष और महिला वर्ग में कुल 10 मेडल सेट पर मुक़ाबला होगा।
भारतीय टीम (पुरुष)
बिलियर्ड्स: सिद्धार्थ पारिख, रायन रज्मी
स्नूकर: लक्ष्मण रावत, आदित्य मेहता
हेबॉल: शिवम अरोड़ा, पारस गुप्ता
10-बॉल पूल: दिव्या शर्मा
ब्लैकबॉल: संदीप गुलाटी
भारतीय टीम (महिला)
बिलियर्ड्स: अनुपमा रामचंद्रन, रेवन्ना उमादेवी
स्नूकर: कीर्तना पांडियन, श्रुति लक्ष्मीनारायणन, इशिका शाह
हेबॉल: विद्या पिल्लई, अमी कमानी
10-बॉल पूल: चित्रा मगिमाइराज, नीना प्रवीण
ब्लैकबॉल: नताशा चेतन
इनपुट: IANS


