CWG 2026 बॉक्सिंग: साक्षी ने मेडल पक्का किया, सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी भारतीय बॉक्सर बनीं
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को महिला बॉक्सर साक्षी ने 51 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जिससे भारत के लिए एक और मेडल तय हो…
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को महिला बॉक्सर साक्षी ने 51 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जिससे भारत के लिए एक और मेडल तय हो गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, क्वार्टरफाइनल मुकाबले में साक्षी ने नॉर्दन आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ ही साक्षी उन भारतीय मुक्केबाजों की सूची में शामिल हो गई हैं जिन्होंने इन खेलों के अंतिम-चार में प्रवेश किया है। उनसे पहले प्रीति, प्रिया और जादुमनी सिंह भी अपने-अपने भार वर्गों के सेमीफाइनल में पहुँचकर देश के लिए पदक पक्का कर चुके हैं।
साक्षी का दबदबा, जजों का सर्वसम्मत फैसला
ग्लासगो के एसईसी हॉल-5 में हुए इस मुकाबले में साक्षी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और तीनों राउंड में अपनी प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह हावी रहीं। उनके शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सभी पाँच जजों ने सर्वसम्मति से उन्हें विजेता घोषित किया। जजों ने साक्षी को 29 अंक दिए, जबकि फ्रायर्स को 25 से 27 के बीच ही अंक मिल सके। दूसरे राउंड में चेतावनी के कारण फ्रायर्स का एक अंक भी काटा गया, जिससे साक्षी की जीत और भी आसान हो गई।
सेमीफाइनल में हारने पर भी मिलेगा ब्रॉन्ज
कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग नियमों के तहत, सेमीफाइनल में पहुँचने वाले सभी मुक्केबाजों का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाता है। हालाँकि, साक्षी की निगाहें अब फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी।
अन्य भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन
मंगलवार को भी भारतीय बॉक्सरों ने शानदार खेल दिखाया था। प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर प्रवेश किया। वहीं, प्रीति ने 54 किग्रा वर्ग में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड पर 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में जादुमनी सिंह ने भी बेहतरीन तकनीकी खेल दिखाते हुए म्वाले म्वेंगो को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
इनपुट: IANS


