कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय लॉन बॉल टीम से फिर इतिहास रचने की उम्मीद, जानिए पहले दिन का पूरा शेड्यूल
बर्मिंघम में हुए 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन बॉल में ऐतिहासिक पदक जीतकर सभी को चौंकाने वाली भारतीय टीम एक बार फिर चुनौती के लिए तैयार है। ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में 23 जुलाई से शुरू हो रहे 2026…
बर्मिंघम में हुए 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन बॉल में ऐतिहासिक पदक जीतकर सभी को चौंकाने वाली भारतीय टीम एक बार फिर चुनौती के लिए तैयार है। ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में 23 जुलाई से शुरू हो रहे 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले ही दिन भारतीय खिलाड़ी लॉन बॉल इवेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। पिछली बार के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए इस बार भी टीम से पदक की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह 19वीं बार है जब भारत इन खेलों में हिस्सा ले रहा है। इस बार देश के 124 एथलीट 10 अलग-अलग खेलों में अपनी दावेदारी पेश करेंगे, जिनमें से 8 सामान्य खेलों और 5 पैरा-स्पोर्ट्स में मुकाबला करेंगे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 74 देशों के लगभग 3000 एथलीट कुल 215 स्वर्ण पदकों के लिए जोर आजमाइश करेंगे।
लॉन बॉल में भारत की पिछली कामयाबी
2022 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचा था। लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी टिर्की की चौकड़ी ने महिला फोर्स इवेंट के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत के लिए लॉन बॉल में पहला स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, सुनील बहादुर, चंदन सिंह, नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की पुरुष फोर्स टीम ने भी रजत पदक अपने नाम किया था। पुरुष पेयर्स इवेंट में भी भारत पदक के काफी करीब पहुंचा था।
पहले दिन का भारतीय शेड्यूल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का उद्घाटन समारोह ग्लासगो के प्रसिद्ध वेन्यू 'द हाइड्रो' में रात 10:30 बजे से होगा। भारतीय टीम पहले दिन लॉन बॉल के मुकाबलों में उतरेगी।
- पुरुष सिंगल्स (ग्रुप स्टेज): दोपहर 2:00 बजे से
- महिला पेयर्स (ग्रुप स्टेज): दोपहर 2:00 बजे से
इस बार खेलों में एथलेटिक्स, तैराकी, जिम्नास्टिक, साइकिलिंग, नेटबॉल, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और 3x3 बास्केटबॉल जैसे 10 खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें पैरा-इवेंट्स भी शामिल हैं।
भारतीय लॉन बॉल टीम
पुरुष टीम: पुतुल सोनोवाल (सिंगल्स), नवनीत सिंह (पेयर्स), दिनेश कुमार (पेयर्स)
महिला टीम: नयनमोनी सैकिया (सिंगल्स), रूपा रानी तिर्की (पेयर्स), पिंकी सिंह (पेयर्स)
इनपुट: IANS


