CWG 2026: सीमा कालीरमन ने डिस्कस थ्रो में जीता कांस्य, भारत के पदकों की संख्या 17 हुई
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की डिस्कस थ्रोअर सीमा कालीरमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कांस्य पदक जीता है। स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार) हुए विमेंस डिस्कस…
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की डिस्कस थ्रोअर सीमा कालीरमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कांस्य पदक जीता है। स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार) हुए विमेंस डिस्कस थ्रो के फाइनल मुकाबले में सीमा ने 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पोडियम पर अपनी जगह बनाई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी स्पर्धा में भारत की एक अन्य एथलीट निधि रानी मामूली अंतर से पदक से चूक गईं और उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
सीमा ने अपने तीसरे प्रयास में 58.65 मीटर की दूरी तय की, जो उन्हें कांस्य पदक दिलाने के लिए काफी था। इससे पहले उनका दूसरा प्रयास 57.32 मीटर का रहा था। वहीं, निधि रानी ने अपने तीसरे प्रयास में 57.10 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वह पदक हासिल नहीं कर सकीं। निधि के सभी छह प्रयास वैध रहे, जिनमें उन्होंने क्रमशः 53.19, 55.67, 57.10, 55.07, 53.82 और 55.39 मीटर की दूरी तय की।
स्वर्ण जमैका, रजत कनाडा के नाम
इस मुकाबले का स्वर्ण पदक जमैका की सामंथा हॉल ने अपने नाम किया। उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में 61.66 मीटर का जबरदस्त थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया।
पदक तालिका में भारत
सीमा कालीरमन के इस कांस्य के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 17 हो गई है। पदक तालिका में भारत फिलहाल 3 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ 10वें पायदान पर बना हुआ है। अब तक एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में भारत को 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य मिले हैं। वहीं, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य आया है, जबकि पैरा पावरलिफ्टिंग में देश ने 1 कांस्य पदक जीता है।
इनपुट: IANS


