भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन, एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन में बने नंबर वन
जापान के ओकाजाकी में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने शनिवार को एशियन गेम्स के क्वालिफिकेशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने रिकर्व व्यक्तिग…
जापान के ओकाजाकी में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने शनिवार को एशियन गेम्स के क्वालिफिकेशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने रिकर्व व्यक्तिगत तीरंदाजी में 720 में से 698 का स्कोर बनाकर न सिर्फ शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि एशियन गेम्स का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धीरज ने इस प्रदर्शन से कोरिया के ली वू द्वारा बनाए गए 690 अंकों के पिछले एशियाड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क में हुए इस मुकाबले में धीरज ने अपने दोनों हाफ में बेहतरीन लय दिखाई। उन्होंने पहले हाफ में 360 में से 348 अंक जुटाए और दूसरे हाफ में 350 अंक हासिल कर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन
व्यक्तिगत स्पर्धा में शीर्ष वरीयता पाने के साथ ही धीरज ने टीम इवेंट में भी भारत को मजबूत स्थिति में पहुँचाया है। उनके अलावा टीम में शामिल नीरज चौहान और संजय यशदीप भोगे ने क्रमशः 20वाँ और 25वाँ स्थान हासिल किया। नीरज ने 676 और संजय ने 665 अंक बनाए। इन तीनों के संयुक्त प्रयास से भारतीय पुरुष टीम ने कुल 2039 अंकों के साथ टीम क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया। इस सूची में कोरियाई टीम 2064 अंकों के साथ पहले स्थान पर है।
अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत, धीरज को व्यक्तिगत स्पर्धा के दूसरे दौर में बाई मिल गई है। वहीं, टीम को भी दूसरी वरीयता मिलने के कारण प्री-क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला है।
महिला तीरंदाजों ने भी दिखाया दम
महिला वर्ग में भी भारतीय तीरंदाजों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। भारत की चिकिथा तनिपार्थी ने कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में 720 में से 705 का स्कोर किया। वह चीनी ताइपे की चेन यी-ह्सुआन के 706 अंकों के एशियन गेम्स रिकॉर्ड से सिर्फ एक अंक पीछे रह गईं। इसी स्पर्धा में ज्योति सुरेखा 699 अंकों के साथ 13वें और पृथिका प्रदीप 695 अंकों के साथ 20वें स्थान पर रहीं। टीम इवेंट में इन तीनों ने कुल 2099 अंक जुटाकर भारत को चीन के बाद दूसरा स्थान दिलाया।
इनपुट: IANS


