IPL 2027 में क्या लौटेंगे धोनी? CSK के CEO ने कहा- 'फैसला माही का, लेकिन उम्मीद पूरी है'
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी 2027 में फिर से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की पीली जर्सी में नज़र आएँगे? इस सवाल पर फ्रेंचाइजी के CEO…
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी 2027 में फिर से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की पीली जर्सी में नज़र आएँगे? इस सवाल पर फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने अपनी बात रखी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, विश्वनाथन का मानना है कि 45 वर्षीय धोनी में अभी भी क्रिकेट बाकी है और वे एक और सीज़न खेलने की पूरी कोशिश करेंगे।
चेन्नई में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि धोनी खेलेंगे या नहीं, यह फैसला पूरी तरह से उन्हीं पर छोड़ दिया गया है। विश्वनाथन ने कहा, "यह एक ऐसा सवाल है जो आपको उनसे पूछना चाहिए।...जब वह चेन्नई आते हैं तो वह हमें अपने फैसले के बारे में बताते हैं। मुझे लगता है कि उनके सीएसके के लिए खेलते रहने के चांस हैं। वह अभी भी एक खिलाड़ी हैं, आप जानते हैं।"
चोट के कारण IPL 2026 से रहे थे बाहर
गौरतलब है कि एमएस धोनी चोट की वजह से आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। उस सीज़न में टीम का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा था। CSK 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत और 8 हार के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही थी। टीम ने धोनी के उत्तराधिकारी के तौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में शामिल किया था।
सुरेश रैना ने भी की वापसी की गुजारिश
सिर्फ़ मैनेजमेंट ही नहीं, धोनी के पूर्व साथी खिलाड़ी सुरेश रैना भी उन्हें मैदान पर वापस देखना चाहते हैं। रैना ने बताया कि चेपॉक में टीम के पारंपरिक 'लैप ऑफ ऑनर' के दौरान उन्होंने धोनी से वापसी के लिए गुजारिश की थी। रैना ने कहा, "मैंने उनसे कहा कि आपने आईपीएल 2026 को मिस कर दिया। यह नहीं गिना जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा।"
रैना के अनुसार, धोनी ने वापसी के दरवाज़े पूरी तरह बंद नहीं किए हैं। जब रैना ने उनसे वापसी के बारे में पूछा तो धोनी ने कहा, "देखते हैं।" रैना को लगता है कि इसका मतलब है कि धोनी वापसी के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
इनपुट: IANS


