सोमवार, 2 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
सिनेमा

दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो हटाने पर बढ़ा विवाद, BMC कमिश्नर को हटाने और माफी की मांग

मुंबई में दिवाली पर प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने को लेकर शुरू हुआ एक अभियान अब एक बड़े विवाद में बदल गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया…

दीया मिर्जा का दिवाली वीडियो हटाने पर बढ़ा विवाद, BMC कमिश्नर को हटाने और माफी की मांग
(फोटो: IANS)

मुंबई में दिवाली पर प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने को लेकर शुरू हुआ एक अभियान अब एक बड़े विवाद में बदल गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया है, जिसके बाद BMC की इस कार्रवाई को भेदभावपूर्ण बताते हुए नगर आयुक्त को पद से हटाने और दीया से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग उठने लगी है।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला BMC के एक जागरूकता अभियान से जुड़ा है। मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने लोगों से पटाखे न जलाने की अपील की थी। इस अभियान के लिए दीया मिर्जा के अलावा अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड ने भी वीडियो के जरिए संदेश दिए थे।

क्यों और कैसे हटा वीडियो?

1 नवंबर को मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने BMC को टैग करते हुए लिखा, "हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।" इस आपत्ति के कुछ ही घंटों बाद BMC ने दीया का वीडियो हटा दिया, जबकि अभियान में शामिल अन्य हस्तियों के वीडियो प्लेटफॉर्म पर बने रहे।

समर्थन में उठीं आवाजें

BMC की इस कार्रवाई के बाद दीया मिर्जा के समर्थन में एक बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि प्रदूषण मुक्त दिवाली का सकारात्मक संदेश देने वाले वीडियो को सिर्फ इसलिए हटाना क्योंकि वह दीया मिर्जा का था, "हैरान करने वाला और निंदनीय" है। बयान में इस कदम को भेदभावपूर्ण बताया गया है।

नगर आयुक्त पर उठे सवाल

समर्थन में जारी बयान में नगर आयुक्त की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। इसमें कहा गया, "नगर आयुक्त एक सरकारी अधिकारी होते हैं और उन्होंने भारतीय संविधान की रक्षा करने की शपथ ली होती है। इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि वह समानता और धर्मनिरपेक्षता जैसे संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करें।" बयान में आयुक्त को तुरंत पद से हटाने की मांग की गई है। साथ ही, दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा पोस्ट करने और BMC द्वारा उनसे बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग की गई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से सिनेमा और मनोरंजन से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →