सनबर्न फेस्टिवल 2026: समापन समारोह में धूम मचाएंगे DJ ह्यूगेल और मोचाक
म्यूजिक लवर्स के लिए मशहूर सनबर्न फेस्टिवल 2026 अपने 19वें संस्करण का समापन एक शानदार 'क्लोजिंग पार्टी' के साथ करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 20 दिसंबर को मुंबई के MMRDA ग्राउंड्स में…
म्यूजिक लवर्स के लिए मशहूर सनबर्न फेस्टिवल 2026 अपने 19वें संस्करण का समापन एक शानदार 'क्लोजिंग पार्टी' के साथ करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 20 दिसंबर को मुंबई के MMRDA ग्राउंड्स में होने वाले इस समापन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण फ्रांसीसी DJ ह्यूगेल और ब्राजील के DJ मोचाक होंगे।
यह क्लोजिंग पार्टी दो-दिवसीय मुख्य फेस्टिवल के बाद आयोजित की जाएगी। मुख्य फेस्टिवल 18 और 19 दिसंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होगा। फेस्टिवल के पहले दिन 'द चेनस्मोकर्स' और 'जेसन डेरुलो' परफॉर्म करेंगे, जबकि दूसरे दिन DJ स्नेक और सेबेस्टियन इंग्रोसो मंच संभालेंगे।
कौन हैं ये स्टार Performers?
ह्यूगेल (Hugel): फ्रांस के ह्यूगेल ने 'हाउस', 'एफ्रो हाउस' और लैटिन धुनों के अपने अनूठे मिश्रण से ग्लोबल हाउस म्यूजिक की दुनिया में खास पहचान बनाई है। उन्हें 'बेला चाओ' के रीमिक्स से अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिली। 'आई अडोर यू' और 'मोरेनिता' जैसे उनके ट्रैक दुनिया भर के डांस फ्लोर पर पसंद किए जाते हैं।
मोचाक (Mochakk): ब्राजील के मोचाक समकालीन इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक के सबसे चर्चित नामों में से एक हैं। वह अपने ऊर्जावान डीजे सेट और हाउस म्यूजिक के खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं, जिसमें ब्राजीलियाई संगीत का प्रभाव साफ झलकता है।
फेस्टिवल को लेकर क्या बोले CEO?
सनबर्न के CEO करण सिंह ने बताया, "सनबर्न फेस्टिवल लगातार ग्लोबल डांस म्यूजिक के बड़े कलाकारों को भारत ला रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "ह्यूगेल और मोचाक, दोनों ही डांसफ्लोर पर अपनी एक अलग संगीत पहचान लेकर आते हैं। इससे क्लोजिंग पार्टी, 'सनबर्न फेस्टिवल 2026' का एक शानदार समापन बन जाती है।" सिंह के अनुसार, यह आयोजन आज के डांस म्यूजिक को आकार देने वाली धुनों का एक जश्न होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
इनपुट: IANS


