UP T20 League: दिव्यांश जोशी के तूफानी शतक से चमके मेरठ मेवरिक्स, रिंकू सिंह की कप्तानी में जीता 2026 का खिताब
यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल में दिव्यांश जोशी के बल्ले से निकला तूफान मेरठ मेवरिक्स को खिताब दिला गया। दिव्यांश की मात्र 40 गेंदों में खेली गई 105 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत मेरठ ने लखनऊ फॉल्कंस…
यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल में दिव्यांश जोशी के बल्ले से निकला तूफान मेरठ मेवरिक्स को खिताब दिला गया। दिव्यांश की मात्र 40 गेंदों में खेली गई 105 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत मेरठ ने लखनऊ फॉल्कंस को एकतरफा मुकाबले में 94 रनों से करारी शिकस्त दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दूसरी बार है जब मेरठ मेवरिक्स ने इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है, इससे पहले टीम 2024 में भी चैंपियन बनी थी।
कप्तान रिंकू सिंह की अगुवाई में मेरठ मेवरिक्स ने खिताबी मुकाबले में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। दिव्यांश जोशी ने 262 के स्ट्राइक रेट से अपनी पारी में 12 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े।
दिव्यांश के शतक के आगे बेबस रही लखनऊ
हालांकि, मेरठ के लिए दिव्यांश के अलावा बाकी बल्लेबाज ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। स्वास्तिक चिकारा (18) ने दिव्यांश के साथ पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। ऋतुराज शर्मा ने 17 गेंदों पर 24 और अक्षय दुबे ने 10 गेंदों पर 15 रन का योगदान दिया। खुद कप्तान रिंकू सिंह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन दिव्यांश की पारी ने टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।
ताश के पत्तों की तरह बिखरी फॉल्कंस की पारी
204 रनों के भारी-भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फॉल्कंस की टीम शुरू से ही दबाव में आ गई और उनका बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया। पूरी टीम महज 109 रन बनाकर सिमट गई। टीम के लिए कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी। हिमांशु सिंह (5), आराध्य यादव (5), मोहम्मद सैफ (10), अजित वर्मा (4), अक्षु बाजवा (4), प्रियम गर्ग (0) और विपराज निगम (3) सस्ते में पवेलियन लौट गए। भुवनेश्वर कुमार 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
मेरठ की गेंदबाजी की कमान विशाल चौधरी ने संभाली, जिन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 24 रन देकर चार अहम विकेट चटकाए। उनके अलावा जीशान अंसारी ने भी दो विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इनपुट: IANS


