डोपिंग मामला: पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ पर 3 महीने का बैन, रिकॉर्ड भी रद्द
पाकिस्तान के अनुभवी स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते तीन महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नवाज़ ने अंतर्राष्ट्रीय…
पाकिस्तान के अनुभवी स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते तीन महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नवाज़ ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन करने की बात स्वीकार कर ली है, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
यह मामला 7 फरवरी 2026 का है, जब श्रीलंका के कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप मैच के बाद नवाज़ का डोप टेस्ट हुआ था। उनके सैंपल में 'कार्बोक्सी-टीएचसी' नाम का प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया। आईसीसी के नियमों में इसे "सब्सटेंस ऑफ अब्यूज" यानि दुरुपयोग की श्रेणी में रखा गया है।
सजा और शर्तें
32 वर्षीय नवाज़ ने अपनी गलती मानते हुए यह स्पष्ट किया कि उन्होंने इस पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता से बाहर किया था और इसका मकसद खेल के प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था। आईसीसी ने उनके इस तर्क को स्वीकार करते हुए तीन महीने की अयोग्यता की सजा सुनाई है, जो 1 मई 2026 से प्रभावी मानी गई है।
हालांकि, इस सजा में एक शर्त भी शामिल है। अगर नवाज़ आईसीसी द्वारा निर्धारित 'सब्सटेंस ऑफ अब्यूज ट्रीटमेंट प्रोग्राम' को सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उनकी सजा एक महीने तक कम हो सकती है। आईसीसी ने यह भी बताया कि नवाज़ ने 1 मई से स्वैच्छिक अस्थायी निलंबन स्वीकार कर लिया था और वह पहले ही लगभग ढाई महीने की अवधि पूरी कर चुके हैं। आरोप स्वीकार करने के बाद उनका अस्थायी निलंबन हटा दिया गया है।
मैचों के नतीजे भी अमान्य
डोपिंग नियम के उल्लंघन का असर उनके रिकॉर्ड पर भी पड़ा है। आईसीसी ने 7 फरवरी 2026 को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच से लेकर 1 मई 2026 तक के उनके सभी व्यक्तिगत प्रदर्शन और परिणामों को अमान्य घोषित कर दिया है।
मोहम्मद नवाज़ का अंतर्राष्ट्रीय करियर: नवाज़ ने पाकिस्तान के लिए 6 टेस्ट, 44 वनडे और 98 टी20 मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट में 144 रन और 16 विकेट, वनडे में 538 रन और 49 विकेट, और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 911 रन और 101 विकेट दर्ज हैं।
इनपुट: IANS


