पाकिस्तान दौरे से ठीक पहले इंग्लैंड की चिंता बढ़ी, ओपनर एमिलियो गे कंधे की चोट के कारण बाहर
पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम के सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे काउंटी मैच के दौरान अपना दाहिना कंधा चोटिल करा बैठे हैं, जिससे…
पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम के सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे काउंटी मैच के दौरान अपना दाहिना कंधा चोटिल करा बैठे हैं, जिससे उनके सीरीज में खेलने पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, डरहम के लिए खेलते हुए गे को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।
यह घटना उस वक्त हुई जब एमिलियो गे 17 गेंदों पर 9 रन बनाकर खेल रहे थे। चोट के बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। डरहम टीम के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि गे इस मैच में आगे हिस्सा नहीं लेंगे और उनकी चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए स्कैन कराया जाएगा। अगर यह चोट गंभीर निकलती है, तो इंग्लैंड को एक नए ओपनर की तलाश करनी होगी।
टीम में ओपनिंग का संकट
इंग्लैंड की टीम पहले से ही खिलाड़ियों की चोट और अनुपस्थिति से जूझ रही है। एमिलियो गे से पहले, जैकब बेथेल भी दाहिने घुटने की चोट के कारण पाकिस्तान टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा, दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के संन्यास से भी टीम की ताकत में कमी आई है।
एमिलियो गे को न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में जैक क्रॉली की जगह टीम में शामिल किया गया था, जहाँ उन्होंने दो अर्धशतक लगाकर अपनी जगह पक्की की थी। मौजूदा टीम में बेन डकेट के साथ ओपनिंग के लिए कोई दूसरा विशेषज्ञ विकल्प नहीं है, और ओली पोप अकेले अतिरिक्त बल्लेबाज के तौर पर शामिल हैं।
कौन हो सकते हैं संभावित विकल्प?
अगर एमिलियो गे सीरीज से बाहर होते हैं, तो चयनकर्ताओं को उनके विकल्प पर विचार करना होगा। इस दौड़ में डरहम के ही बेन मैकिनी या ग्लैमरगन के आसा ट्राइब को टीम में जगह मिल सकती है। इससे पहले 2024 में डैन लॉरेंस ने श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में ओपनिंग की थी, जब जैक क्रॉली उंगली की चोट के कारण बाहर थे।
इनपुट: IANS


