भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार का इंग्लैंड में डेब्यू, नॉटिंघमशायर काउंटी क्लब से जुड़े
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार अब इंग्लैंड की धरती पर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाएंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने प्रतिष्ठित काउंटी चैंपियनशिप के लिए नॉटिंघमशायर क्लब के सा…
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार अब इंग्लैंड की धरती पर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाएंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने प्रतिष्ठित काउंटी चैंपियनशिप के लिए नॉटिंघमशायर क्लब के साथ एक अहम करार किया है। मुकेश 2026 सीजन के अंतिम दो मुकाबलों के लिए टीम का हिस्सा बनेंगे, जिससे क्लब की गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। यह पहली बार है जब मुकेश भारत के बाहर किसी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
32 वर्षीय मुकेश कुमार इस नए अवसर को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "मैं सीजन के अहम समय पर नॉटिंघमशायर के साथ जुड़कर बहुत खुश हूं। मैं इंग्लैंड पहुंचने और काउंटी क्रिकेट में खुद को आजमाने के लिए बेताब हूं।" उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा, "जब तक मैं नॉटिंघमशायर का हिस्सा हूं, मैं अपना सब कुछ दूंगा, उम्मीद है कि हम मिलकर सफल हो सकते हैं।"
शानदार रिकॉर्ड और कोच का भरोसा
मुकेश कुमार का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 61 मुकाबलों में 21.79 की शानदार औसत से 233 विकेट चटकाए हैं, जिसमें 10 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। वहीं, भारत के लिए उन्होंने 3 टेस्ट समेत 26 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 32 विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं।
नॉटिंघमशायर के हेड कोच पीटर मूर्स ने मुकेश के टीम में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "सीजन के इस अहम समय में मुकेश का हमारी टीम में आना बहुत खुशी की बात है। एक गेंदबाज के तौर पर मुकेश की काबिलियत पर कोई शक नहीं है, खासकर यह जानते हुए कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कितना कड़ा मुकाबला होता है।" कोच ने इस बात पर भी जोर दिया कि मुकेश हाल ही में दिलीप ट्रॉफी फाइनल जीतकर बेहतरीन फॉर्म में इंग्लैंड पहुंच रहे हैं।
इनपुट: IANS


