Essex क्रिकेटर रॉबिन दास पर रेप के दो आरोप, 9 अक्टूबर को लंदन कोर्ट में होंगे पेश
इंग्लिश काउंटी क्लब एसेक्स के 24 वर्षीय क्रिकेटर रॉबिन दास को बलात्कार के दो गंभीर आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 9 अक्टूबर को इनर लंदन क्राउन कोर्ट…
इंग्लिश काउंटी क्लब एसेक्स के 24 वर्षीय क्रिकेटर रॉबिन दास को बलात्कार के दो गंभीर आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 9 अक्टूबर को इनर लंदन क्राउन कोर्ट में पेश किया जाएगा। दास को उनके क्लब एसेक्स ने इन आरोपों के बाद निलंबित कर दिया है।
यह मामला मार्च 2024 में ब्रिक्सटन में एक महिला के साथ हुए कथित बलात्कार से जुड़ा है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के बयान के अनुसार, वॉल्थम फॉरेस्ट के क्वींस रोड निवासी रॉबिन दास पर 23 जुलाई 2026 को बलात्कार के दो मामलों में आरोप तय किए गए थे। यह कार्रवाई 27 अगस्त 2025 को उनकी गिरफ्तारी के बाद हुई। पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़ित महिला को विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।
क्लब की कार्रवाई और करियर पर असर
आरोप तय होने के ठीक दो दिन पहले ही दास ने इस सीजन में अपना एकमात्र मैच वन-डे कप में मिडिलसेक्स के खिलाफ खेला था। एसेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब ने एक बयान जारी कर पुष्टि की है कि उनका एक अनुबंधित खिलाड़ी कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहा है और उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। क्लब ने कहा, "क्लब सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं और निर्देशों का पालन करता रहेगा। कानूनी कार्रवाई जारी होने की वजह से क्लब इस विषय पर कोई और टिप्पणी नहीं करेगा।"
रॉबिन दास का क्रिकेट करियर
रॉबिन दास ने 2020 में एसेक्स के लिए डेब्यू किया था और अब तक काउंटी के लिए नौ प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं। 2023 का सीजन उनके लिए काफी अच्छा रहा था, जब उन्होंने दौरे पर आई आयरलैंड टीम के खिलाफ शतक जड़ा था। वह उसी साल टी20 ब्लास्ट का फाइनल खेलने वाली एसेक्स टीम का भी हिस्सा थे।
इनपुट: IANS


