एशियाई खेलों पर गुलवीर सिंह की नज़र, कहा- 'मेरा ध्यान पदक पर है, प्रतियोगी पर नहीं'
कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक पदक जीतने के बाद भारत के शीर्ष लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह का अगला लक्ष्य अब जापान में होने वाले एशियाई खेल हैं। उनका मानना है कि जब वे दौड़ के लिए स्टार्टिंग लाइन पर…
कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक पदक जीतने के बाद भारत के शीर्ष लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह का अगला लक्ष्य अब जापान में होने वाले एशियाई खेल हैं। उनका मानना है कि जब वे दौड़ के लिए स्टार्टिंग लाइन पर खड़े होते हैं, तो उनका पूरा ध्यान सिर्फ देश के लिए पदक जीतने पर होता है, न कि इस बात पर कि उनके साथ कौन दौड़ रहा है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में गुलवीर ने एशियाई खेलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा की बात स्वीकार की, लेकिन साथ ही अपने आत्मविश्वास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से दबाव होगा क्योंकि एशियन गेम्स में उच्च स्तर के एथलीट हिस्सा लेते हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक ने मुझे बहुत आत्मविश्वास दिया। सरकार से लगातार सपोर्ट भी मिला है, जो बेहद अहम है।"
कॉमनवेल्थ गेम्स का ऐतिहासिक प्रदर्शन
गुलवीर ने ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 13:24.95 के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया था। इसके बाद 10,000 मीटर दौड़ में उन्होंने 27:49.78 की टाइमिंग के साथ रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया था, जो 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पहला अवसर था।
ट्रेनिंग और विदेशी कोच का असर
गुलवीर 2024 से अमेरिका में कोच स्कॉट सिमंस के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विदेशी धावकों को लेकर पहले एक अलग धारणा थी, लेकिन अब बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने के बाद यह सोच बदल गई है। उन्होंने कहा, "पहले, हम सोचते थे कि विदेशी धावक हमसे कहीं बेहतर हैं। लेकिन बड़े स्टेज पर उनके साथ मुकाबला करने के बाद, हमें एहसास हुआ कि हम उनके स्तर पर हैं।" उनके कोच सिमंस अंतरराष्ट्रीय धावकों की रणनीति का विश्लेषण कर विशेष ट्रेनिंग सेशन डिजाइन करते हैं।
अब स्पीड पर है पूरा फोकस
एशियाई खेलों की तैयारी के बारे में भारतीय सेना के इस धावक ने बताया कि अब उनका फोकस स्पीड बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद, हमने मुख्य रूप से एंड्योरेंस ट्रेनिंग पर फोकस किया। अब, एशियन गेम्स के लिए बहुत कम समय बचा है, इसलिए फोकस गति बनाने पर आ गया है।" गुलवीर, जो 5000 मीटर और 10000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं, इस साल 60 मिनट से कम में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय भी बने थे।
इनपुट: IANS


