श्रीलंका की धमाकेदार जीत, कप्तान कुशल मेंडिस की तूफ़ानी पारी से पाकिस्तान को तीसरे T20 में हराया
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे T20 इंटरनेशनल मैच में कप्तान कुशल मेंडिस की धुआंधार बल्लेबाज़ी ने समां बांध दिया। मेंडिस के तूफ़ानी 87 रनों की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से…
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे T20 इंटरनेशनल मैच में कप्तान कुशल मेंडिस की धुआंधार बल्लेबाज़ी ने समां बांध दिया। मेंडिस के तूफ़ानी 87 रनों की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी, हालांकि पाकिस्तान यह सीरीज़ 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रहा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रावलपिंडी में हुए इस मुकाबले में श्रीलंका ने 169 रनों का लक्ष्य महज़ 17.1 ओवर में हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई जब लाहिरू उदारा सिर्फ़ एक रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद कप्तान कुशल मेंडिस ने मोर्चा संभाला। पहले उन्होंने सिनेथ जयवर्धने के साथ मिलकर 41 गेंदों में 59 रनों की अहम साझेदारी की। जयवर्धने ने 26 गेंदों पर 38 रन बनाए।
इसके बाद मेंडिस को कामिंदु मेंडिस का भरपूर साथ मिला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 98 रनों की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। कुशल मेंडिस 48 गेंदों पर 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 27 गेंदों पर 40 रनों की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इमरान रंधावा और अराफात मिन्हास को एक-एक विकेट मिला।
फरहान के अर्धशतक से संभला पाकिस्तान
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फखर जमां (12), माज सदाकत (0), हसन नवाज (16) और ख्वाजा नफे (3) जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तान फरहान ने एक छोर पर डटकर 47 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 76 रनों की शानदार पारी खेली।
अंत में अराफात मिन्हास ने सिर्फ 20 गेंदों में 34 रनों की तेज-तर्रार नाबाद पारी खेलकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 तक पहुंचाया। अब्दुल समद ने भी 15 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दासुन शनाका ने 21 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा को दो-दो सफलताएं मिलीं।
इनपुट: IANS


