फेनेस्टा ओपन: वैदेही चौधरी की खिताबी हैट्रिक, मान केसरवानी बने पहली बार मेंस चैंपियन
नई दिल्ली में हुई 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में शीर्ष वरीयता प्राप्त वैदेही चौधरी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विमेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह उनका तीसरा…
नई दिल्ली में हुई 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में शीर्ष वरीयता प्राप्त वैदेही चौधरी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विमेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह उनका तीसरा फेनेस्टा ओपन खिताब है। वहीं, मेंस सिंगल्स में छठी वरीयता प्राप्त मान केसरवानी ने सभी को चौंकाते हुए अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को हुए महिला एकल के फाइनल मुकाबले में वैदेही ने 20 वर्षीय श्रुति अहलावत को सीधे सेटों में 6-4, 7-5 से हराया। यह मैच 2 घंटे 15 मिनट तक चला और इसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए चौधरी ने कहा, "मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। यह मेरा तीसरा खिताब है, इसलिए मैं अभी बहुत खुश हूं।" उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी की प्रशंसा करते हुए कहा, "पहले सेट में मैं 5-3 से आगे थी और वह लगातार संघर्ष कर रही थी। दूसरे सेट में भी मैं 5-3 से आगे थी और वह आखिर तक लड़ती रही। यह एक शानदार और कड़ा मुकाबला था।"
पुरुषों में केसरवानी का पहला खिताब
पुरुष एकल के फाइनल में मान केसरवानी ने तीसरी वरीयता प्राप्त नितिन सिन्हा पर पूरी तरह से दबदबा बनाया। उन्होंने यह मुकाबला 1 घंटे 37 मिनट में 6-0, 6-4 से अपने नाम किया। केसरवानी ने पहले सेट में एक भी गेम नहीं गंवाया और शानदार शुरुआत की। उन्होंने अपनी जीत को भावुक क्षण बताते हुए कहा, "यह मेरा पहला फेनेस्टा टाइटल है। पिछले 4 वर्षों से, मैं हर फेनेस्टा ओपन के पहले राउंड में ही हार जाता था। इस बार मैं सीधे फाइनल में पहुंचा और जीता। मैं बहुत भावुक हूं।"
जूनियर कैटेगरी के विजेता
अन्य मुकाबलों में, लड़कों के अंडर-18 सिंगल्स का खिताब 16 साल के रिभव सरोहा ने जीता। 10वीं वरीयता प्राप्त रिभव ने चौथी वरीयता प्राप्त ओम रमेश पटेल को 6-4, 6-3 से मात दी। वहीं, लड़कियों के अंडर-18 सिंगल्स फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त पार्थसारथी मुंधे ने सातवीं वरीयता प्राप्त आहन आहन को 6-3, 6-4 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। अब टूर्नामेंट में अंडर-16 और अंडर-14 के मुकाबले खेले जाएंगे।
इनपुट: IANS


