मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

एंड्रयू फ्लिंटॉफ के साथ खिताब जीतना चाहते हैं ट्रेंट बोल्ट, सिडनी थंडर से जुड़े

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में वापसी कर रहे हैं। इस बार वह सिडनी थंडर के लिए खेलेंगे, जिसके सा…

एंड्रयू फ्लिंटॉफ के साथ खिताब जीतना चाहते हैं ट्रेंट बोल्ट, सिडनी थंडर से जुड़े
(फोटो: IANS)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में वापसी कर रहे हैं। इस बार वह सिडनी थंडर के लिए खेलेंगे, जिसके साथ उन्होंने एक साल का अनुबंध किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 37 वर्षीय बोल्ट पूरे सीजन के लिए टीम को अपनी सेवाएं देंगे।

सिडनी थंडर में बोल्ट अपने हमवतन कीवी गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन के साथ मिलकर तेज गेंदबाजी आक्रमण को धार देंगे। इससे पहले बोल्ट ने 2022-23 सीजन में मेलबर्न स्टार्स की ओर से बीबीएल में आठ मैच खेले थे। यह करार ऑस्ट्रेलियाई फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनकी वापसी का प्रतीक है।

कोच फ्लिंटॉफ और नई चुनौती

पिछले सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सिडनी थंडर नए सिरे से खुद को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में टीम ने इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को ट्रेवर बेलिस की जगह अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्लिंटॉफ को लेकर बोल्ट काफी उत्साहित हैं।

बोल्ट ने कहा, "बचपन में हर क्रिकेटर फ्लिंटॉफ को अपना आदर्श मानता था। मैं भी उनमें से एक था। मुझे यकीन है कि वह ग्रुप को एक साथ लाना चाहते हैं, एक बेहतरीन कल्चर बनाना चाहते हैं और कुछ खास करने के लिए काम करना चाहते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हम टॉप प्राइज पाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए छोटे-छोटे कदम उठाने होंगे। मैं उम्मीद कर रहा हूं कि इस क्लब के साथ कुछ खास हासिल कर सकूं।"

अनुभव और नई गेंद की ताकत

सिडनी थंडर के कोच फ्लिंटॉफ ने भी बोल्ट के टीम में आने का स्वागत किया है। उन्होंने एक बयान में कहा, "ट्रेंट बोल्ट एक बेहतरीन इंसान, टीम प्लेयर और वर्ल्ड-क्लास परफॉर्मर हैं। टीम में कुछ ऐसे कीवी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इतने सालों में एक साथ काफी क्रिकेट खेला है, जिससे एक तरह की जान-पहचान होती है।" उन्होंने यह भी बताया कि टीम को नई गेंद से विकेट लेने में परेशानी हो रही थी और उम्मीद है कि बोल्ट-फर्ग्यूसन की जोड़ी इस कमी को पूरा करेगी।

अपने उत्साह को साझा करते हुए बोल्ट ने कहा, "मैं बिग बैश में फिर से खेलने और थंडर में लॉकी (फर्ग्यूसन) के साथ जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। क्रिकेट ने मुझे इतने सालों में बहुत कुछ दिया है और मैं अभी भी उस स्टेज पर हूं, जहां मुझे मैदान में जाकर योगदान देना, विकेट लेना और पावरप्ले में आक्रामक होने की कोशिश करना पसंद है।"

गौरतलब है कि बोल्ट ने न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 में कुल 601 विकेट लिए हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →