ऑस्ट्रिया में बड़े उलटफेर, जेनेराली ओपन में कई दिग्गज खिलाड़ी बाहर, बाएज और हैलिस क्वार्टर फाइनल में
ऑस्ट्रिया के किट्जबुहेल में चल रहे जेनेराली ओपन एटीपी टूर्नामेंट में बुधवार को कई बड़े उलटफेर देखने को मिले, जब कई वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अपने मुकाबले हारकर बाहर हो गए। फ्रांस के क्वेंटिन हैलिस…
ऑस्ट्रिया के किट्जबुहेल में चल रहे जेनेराली ओपन एटीपी टूर्नामेंट में बुधवार को कई बड़े उलटफेर देखने को मिले, जब कई वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अपने मुकाबले हारकर बाहर हो गए। फ्रांस के क्वेंटिन हैलिस, अर्जेंटीना के सेबेस्टियन बाएज और मारियानो नवोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर फ्रांस के 29 वर्षीय क्वेंटिन हैलिस ने किया। अपने पहले ही किट्जबुहेल टूर्नामेंट में खेलते हुए उन्होंने दूसरी वरीयता प्राप्त वैलेंटिन वचेरोट को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हरा दिया। यह उनके करियर की किसी भी टॉप-20 खिलाड़ी के खिलाफ पांचवीं जीत है। इस जीत के साथ हैलिस अपने नौवें टूर-स्तरीय क्वार्टर फाइनल में पहुँच गए हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा, "यह इस साल मेरे सबसे अच्छे मैचों में से एक था। मेरी सर्विस शानदार रही और मैं पहले से आखिरी अंक तक पूरी तरह केंद्रित रहा।"
अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का दबदबा
अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी दमदार रहा। पूर्व चैंपियन और क्ले-कोर्ट विशेषज्ञ सेबेस्टियन बाएज ने तीसरी वरीयता प्राप्त आर्थर रिंडरकनेच के खिलाफ एक कड़े मुकाबले में जीत हासिल की। उन्होंने यह मैच दो घंटे 27 मिनट में 7-6(6), 2-6, 6-4 से अपने नाम किया। बाएज ने 2023 में यहीं खिताब जीता था।
वहीं, उनके हमवतन मारियानो नवोन ने भी छठी वरीयता प्राप्त जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 6-0, 6-3 से आसानी से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अप्रैल में अपना पहला एटीपी टूर खिताब जीतने वाले नवोन ने अब तक एक भी सेट नहीं गंवाया है।
अंतिम आठ में कौन किससे भिड़ेगा
अब क्वार्टर फाइनल में क्वेंटिन हैलिस का सामना मारियानो नवोन से होगा, जबकि सेबेस्टियन बाएज जर्मनी के यानिक हनफमैन के खिलाफ कोर्ट में उतरेंगे। हनफमैन ने मार्को ट्रुंगेलिटी को 6-4, 7-6(2) से हराया। एक अन्य मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त टॉमस मार्टिन एचेवेरी ने ऑस्ट्रिया के जुरिज रोडियोनोव को 6-2, 7-6(4) से शिकस्त दी। अब उनका सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त इग्नासियो ब्यूस से होगा, जिन्होंने किलियन फेल्डबॉश को 2-6, 6-2, 6-2 से मात दी।
इनपुट: IANS


