Asian Games 2026: सिल्वर जीतने के बाद अभय सिंह ने कहा — "निराश हूं, यह मेरा आखिरी गेम्स हो सकता है"
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष सिंगल्स स्क्वैश फाइनल में भारत के अभय सिंह को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। रविवार को हुए खिताबी मुकाबले में मलेशिया के ईन यो एनजी ने उन्हें शिकस्त दी। गोल्ड मेडल और उसके…
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष सिंगल्स स्क्वैश फाइनल में भारत के अभय सिंह को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। रविवार को हुए खिताबी मुकाबले में मलेशिया के ईन यो एनजी ने उन्हें शिकस्त दी। गोल्ड मेडल और उसके साथ मिलने वाले लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के सीधे क्वालिफिकेशन स्पॉट से चूकने के बाद अभय सिंह ने निराशा जाहिर की है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह एशियन गेम्स में उनकी आखिरी भागीदारी हो सकती है।
अभय ने कहा, "कुछ कहा नहीं जा सकता; हो सकता है कि यह मेरा आखिरी इवेंट हो, या शायद नहीं।" उन्होंने अपने प्रदर्शन पर कहा, "मैंने पहले गेम में काफी अच्छा खेला। हम दोनों के बीच कड़ी टक्कर थी।" हालांकि, फाइनल का नतीजा अभय के पक्ष में नहीं रहा।
मैच का हाल और विरोधी की तारीफ
फाइनल में मलेशिया के मौजूदा चैंपियन ईन यो एनजी ने अभय को सीधे गेम में 11-9, 11-5, 11-5 से हराया। अभय ने अपनी हार को स्वीकार करते हुए विरोधी खिलाड़ी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उन्होंने दूसरे गेम में बेहतर स्क्वैश खेलना शुरू किया। उन्होंने गेंद को बहुत अच्छी जगहों पर रखा, बहुत साफ-सुथरा स्क्वैश खेला और अच्छी तरह से मूव किया। सारा श्रेय उन्हें जाता है। आज वह बेहतर एथलीट थे।"
सपोर्ट सिस्टम को समर्पित किया मेडल
हार से निराश होने के बावजूद, 28 वर्षीय अभय सिंह ने कहा कि बड़े नजरिए से देखने पर यह सिल्वर मेडल उन्हें निराश नहीं करेगा। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने पूरे सपोर्ट सिस्टम को समर्पित किया। अभय ने कहा, "यह मेडल असल में सभी के लिए है। माननीय प्रधानमंत्री ने भारतीय खेलों को बेहतर बनाया है... तमिलनाडु की मेरी राज्य सरकार ने मेरे साथ बहुत अच्छा बर्ताव किया है। यह मेडल उन सभी के लिए भी है।"
उन्होंने विशेष रूप से अपने माता-पिता का जिक्र किया, जो नागोया में मैच देखने के लिए मौजूद थे। अभय ने कहा, "उनका यहां होना अच्छा रहा। वे पिछले एशियन गेम्स में नहीं आ पाए थे, लेकिन मुझे खुशी है कि वे इस हफ्ते का खेल देख पाए।" इस सिल्वर के साथ, अभय सिंह, सौरव घोषाल के बाद एशियन गेम्स के पुरुष सिंगल्स स्क्वैश में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनका ध्यान टीम इवेंट और उसके बाद यूएस ओपन पर होगा।
इनपुट: IANS


