WTC फाइनल पर भारत की नज़र, शुभमन गिल बोले- श्रीलंका में हर हाल में जीतना ज़रूरी
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ शुरू होने से पहले ही टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य साफ़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि टीम का मुख्य उद्देश्य अगले साल होने वाले वर्ल्ड…
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ शुरू होने से पहले ही टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य साफ़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि टीम का मुख्य उद्देश्य अगले साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में जगह बनाना है, जिसके लिए यह सीरीज़ बेहद अहम है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गिल ने गॉल में होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से बात की।
यह मैच भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक भी है, क्योंकि यह उसका 600वां टेस्ट मैच होगा। WTC पॉइंट्स टेबल में भारत फिलहाल पांचवें स्थान पर है और फाइनल की राह आसान नहीं है। गिल ने बताया, "जाहिर है कि मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है, जो अगले साल होना है। हमारे पास लगभग 9 टेस्ट मैच हैं, और मुझे लगता है कि क्वालिफाई करने का अच्छा मौका पाने के लिए हमें उनमें से छह या सात मैच जीतने होंगे।"
गेंदबाज़ी और टीम की तैयारी
जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज़ की गैरमौजूदगी के बावजूद कप्तान गिल अपने गेंदबाज़ी आक्रमण को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा, "बुमराह टीम में नहीं हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह दूसरे गेंदबाजों के लिए आगे बढ़कर सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का एक बहुत अच्छा मौका है।" उन्होंने विशेष रूप से प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ करते हुए कहा कि वह वॉर्मअप मैच में अपने करियर की सबसे बेहतरीन फॉर्म में दिखे।
भारतीय टीम इस बार श्रीलंका दौरे पर जल्दी पहुँची और एक तीन-दिवसीय अभ्यास मैच भी खेला। गिल ने इस अतिरिक्त समय को तैयारी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों के लिए हालात के अनुसार ढलना कभी आसान नहीं होता... तैयारी के लिए मिला अतिरिक्त समय निश्चित रूप से मददगार साबित होता है।"
युवा बल्लेबाज़ और श्रीलंका की चुनौती
कप्तान ने अभ्यास मैच में शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज़ देवदत्त पडिक्कल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "देवदत्त में इस फॉर्मेट में सफल होने के लिए जरूरी सभी कौशल और क्षमता है।" इसके अलावा, गिल ने श्रीलंका के खुले मैदानों में 'हवा' को एक बड़ा फैक्टर माना, जो भारत में खेलने से अलग अनुभव देता है। उन्होंने बताया कि टीम मीटिंग में इस पर भी चर्चा हुई है कि हवा का फायदा कैसे उठाया जाए, खासकर स्पिनर्स के खिलाफ आक्रामक खेलते समय।
इनपुट: IANS


