ग्लासगो: भारतीय रेस्टोरेंट में भारत के अधूरे नक्शे पर बवाल, भारतीय खिलाड़ियों ने जताया कड़ा ऐतराज
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में एक मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट उस वक्त विवादों में घिर गया, जब उसने कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने गए भारतीय एथलीटों को डिनर पर ऐसे नैपकिन परोसे, जिन पर भारत का अधूरा नक्शा छपा…
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में एक मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट उस वक्त विवादों में घिर गया, जब उसने कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने गए भारतीय एथलीटों को डिनर पर ऐसे नैपकिन परोसे, जिन पर भारत का अधूरा नक्शा छपा था। नक्शे से पूर्वोत्तर के हिस्से गायब देख ओलिंपिक पदक विजेता बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने तुरंत अपनी नाराजगी जाहिर की।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 'मिस्टर सिंह इंडिया–द होम ऑफ करी' नाम के रेस्टोरेंट में हुई। भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित डिनर के दौरान जब नैपकिन पर बने भारत के नक्शे पर लवलीना की नजर पड़ी, तो उन्होंने पाया कि उसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र को शामिल ही नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, "नैपकिन पर बने मैप में हमारा नॉर्थ-ईस्ट नहीं है। भारत का हर हिस्सा जरूरी है और उसे मैप में दिखाया जाना चाहिए।"
गलत नक्शे पर महासंघ ने भी जताई आपत्ति
लवलीना के ऐतराज का समर्थन करते हुए भारतीय बॉक्सिंग महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी रेस्टोरेंट प्रबंधन के सामने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने नक्शे में एक और बड़ी गलती की ओर ध्यान दिलाया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को भी अधूरा दिखाया गया था। अजय सिंह ने रेस्टोरेंट मैनेजमेंट से तुरंत गलत नक्शे वाले नैपकिन हटाने और भारत की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करते हुए सही नक्शा इस्तेमाल करने को कहा।
रेस्टोरेंट की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
यह रेस्टोरेंट ग्लासगो में तीन दशकों से भी ज्यादा समय से चल रहा है और खेल टीमों व मशहूर हस्तियों के बीच काफी लोकप्रिय है। सिंह परिवार की चार पीढ़ियां इसे चला रही हैं और यह पंजाबी-स्कॉटिश संस्कृति के मेल के लिए जाना जाता है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर रेस्टोरेंट की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
इनपुट: IANS


