हांगकांग सिक्सेस: शशांक सिंह के तूफानी अर्धशतक से भारत को मिली पहली जीत, बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर हराया
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में लगातार तीन हार के बाद भारतीय टीम ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया है। रविवार को खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 विकेट से मात दी, जिसमें जी…
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में लगातार तीन हार के बाद भारतीय टीम ने आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया है। रविवार को खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 विकेट से मात दी, जिसमें जीत आखिरी गेंद पर मिली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के हीरो शशांक सिंह रहे, जिन्होंने मात्र 15 गेंदों पर 50 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर भारतीय कप्तान क्रुणाल पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 116 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बांग्लादेश के कप्तान अबू हिदर रोनी ने 18 गेंदों पर 8 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 62 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
भारत की गेंदबाजी और रोमांचक चेज
भारत की ओर से कप्तान क्रुणाल पांड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 2 ओवरों में 25 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके अलावा राहुल त्रिपाठी को भी एक सफलता मिली। 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने यह लक्ष्य पारी की अंतिम गेंद पर हासिल किया। शशांक सिंह ने अपनी पारी में 7 छक्के और 1 चौका लगाया, जिसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। उनके अलावा राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर 32, राहुल तेवतिया ने 5 गेंदों पर नाबाद 16 और नितीश राणा ने 4 गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन
इस जीत के बावजूद भारत का सफर टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा। ग्रुप सी में भारत को अपने पहले तीन मैचों में पाकिस्तान, यूएई और इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 12 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश पर मिली इस इकलौती जीत के साथ भारतीय टीम 11वें स्थान पर रही। क्रुणाल पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
इनपुट: IANS


