फखर जमां का तूफानी शतक, पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर रचा इतिहास, वनडे फाइनल का सबसे बड़ा रन चेज़ बराबर
पाकिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार को लाहौर में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में फखर जमां के शानदार शतक की बदौलत पाकिस्तान ने 326…
पाकिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार को लाहौर में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में फखर जमां के शानदार शतक की बदौलत पाकिस्तान ने 326 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस जीत के साथ पाकिस्तान ने किसी वनडे फाइनल में संयुक्त रूप से सबसे बड़े सफल रन चेज़ के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इससे पहले 2002 में लॉर्ड्स में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ इतने ही रन बनाकर जीत हासिल की थी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 14 रन पर ही उसके दो विकेट गिर गए थे। इसके बाद फखर जमां ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले साद बेग के साथ तीसरे विकेट के लिए 149 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। साद बेग ने 75 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाए।
फखर ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और सलमान आगा (17) के साथ भी 57 रन जोड़े। उन्होंने 99 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 127 रनों की यादगार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद हसन नवाज (नाबाद 37) और अराफात मिन्हास (61) ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 65 गेंदों में 94 रनों की तूफानी साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने 48.3 ओवरों में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने 3 और असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए।
श्रीलंका की दमदार बल्लेबाज़ी
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका ने कामिंदु मेंडिस के शानदार शतक और पवन रत्नायके के अर्धशतक की बदौलत एक बड़ा स्कोर खड़ा किया था। अविष्का फर्नांडो (38) और कामिंदु मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े। इसके बाद कामिंदु ने पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 146 रनों की बड़ी साझेदारी की।
कामिंदु मेंडिस ने 128 गेंदों में 12 चौके और 2 छक्के लगाकर 131 रन बनाए, जबकि रत्नायके ने 65 गेंदों पर 77 रनों की तेज़ पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, सलमान आगा और हारिस रऊफ, सभी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इनपुट: IANS


