बुधवार, 4 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

भारत की नज़र 2036 ओलंपिक पर, PM मोदी ने कहा – युवाओं के लिए अवसरों का नया दौर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को लेकर एक बड़ा दृष्टिकोण सामने रखा है। उन्होंने कहा कि देश 2036 ओलंपिक की मेज़बानी का सपना लेकर आगे बढ़ रहा है और इसके लिए हर स्तर पर तैयारी…

भारत की नज़र 2036 ओलंपिक पर, PM मोदी ने कहा – युवाओं के लिए अवसरों का नया दौर
(फोटो: IANS)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को लेकर एक बड़ा दृष्टिकोण सामने रखा है। उन्होंने कहा कि देश 2036 ओलंपिक की मेज़बानी का सपना लेकर आगे बढ़ रहा है और इसके लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चेन्नई में एक स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में बोलते हुए पीएम मोदी ने ज़ोर दिया कि भारत में अब खेल सिर्फ़ मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह युवाओं के लिए एक सुनहरा करियर विकल्प बन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, “हर युवा के अपने अलग-अलग सपने भी होते हैं। अपनी अलग प्रतिभा भी होती है... इसलिए आज भारत में खेलों के लिए नई सुविधाएं बन रही हैं। युवा खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग और सपोर्ट मिल रहा है और इंटरनेशनल स्पोर्ट्स की दुनिया में भारत का कद भी बढ़ रहा है।” उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वैश्विक खेल आयोजनों के भारत में होने से युवाओं के पास अनंत अवसर होंगे।

मेगा स्पोर्ट्स इवेंट्स का रोडमैप

भारत की निगाहें सिर्फ ओलंपिक पर ही नहीं हैं। देश 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) की मेज़बानी भी करने जा रहा है, जिसका आयोजन अहमदाबाद में होगा। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का 100वां संस्करण होगा। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का सफल आयोजन किया था।

2036 ओलंपिक के लिए भारत का प्रस्तावित मेज़बान शहर भी अहमदाबाद ही है। इस दौड़ में भारत अकेला नहीं है; अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से बातचीत कर रहे सात इच्छुक देशों में जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्की भी शामिल हैं।

युवाओं को मिला समर्थन और मंच

प्रधानमंत्री ने कहा, “आने वाले वर्षों में दुनिया के बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स भारत में होंगे, इसलिए भारत के युवाओं के पास अब मंच भी है, संभावना भी है और समर्थन भी है। इसका मतलब है कि मौके अनंत हैं।” उन्होंने यह बातें तमिलनाडु के जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के एक कार्यक्रम में कहीं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →