Hylo Open: पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन की दमदार शुरुआत, प्रणॉय पहले ही दौर में बाहर
जर्मनी के सारब्रुकन में चल रहे बीडब्ल्यूएफ हाइलो ओपन में भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपने अभियान की मिली-जुली शुरुआत की है। जहां पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन जैसे बड़े नामों ने दूसरे दौर में…
जर्मनी के सारब्रुकन में चल रहे बीडब्ल्यूएफ हाइलो ओपन में भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपने अभियान की मिली-जुली शुरुआत की है। जहां पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन जैसे बड़े नामों ने दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली, वहीं एचएस प्रणॉय को पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को हुए मुकाबलों में कई अन्य भारतीय शटलरों ने भी जीत दर्ज की।
फ्रेंच ओपन में उपविजेता रहकर शानदार फॉर्म में चल रहीं दूसरी वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने महिला सिंगल्स में अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने यूएई की प्रकृति भरत को मात्र 28 मिनट चले मुकाबले में 21-10, 21-10 से आसानी से हरा दिया। सिंधु ने दोनों गेमों में प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया।
सेन की वापसी, जॉर्ज की सीधी जीत
पुरुष सिंगल्स में सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिनलैंड के जोआकिम ओल्डोर्फ के खिलाफ पहला गेम 16-21 से गंवाने के बाद लक्ष्य ने शानदार वापसी की। उन्होंने अगले दो गेम 21-9 और 21-13 से जीतकर एक घंटे से ज्यादा चले इस मैच को अपने नाम किया। वहीं, किरण जॉर्ज ने मलेशिया के चीम जून वेई को सीधे गेमों में 21-18, 21-17 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रणॉय और अन्य खिलाड़ियों को मिली हार
भारत के लिए निराशाजनक खबर एचएस प्रणॉय की हार रही। उन्हें फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव ने 21-23, 16-21 से हराया। प्रणॉय के पास पहला गेम जीतने का मौका था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। पुरुष सिंगल्स में तरुण मन्नेपल्ली को चीनी ताइपे के ची यू जेन से और शंकर सुब्रमण्यन को फिनलैंड के काले कोलजोनेन से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, फ्रेंच ओपन में चोटिल हुए आयुष शेट्टी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही हट गए थे।
महिला सिंगल्स में मिला-जुला प्रदर्शन
महिला वर्ग में छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा ने चेकिया की टेरेजा स्वाबिकोवा को 17-21, 21-12, 21-11 से हराया। पहला गेम हारने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की। ईशरानी बरुआ ने जर्मनी की मिरांडा विल्सन को 21-19, 21-9 से और अनमोल खरब ने श्रीलंका की रनिथमा लियानागे को कड़े मुकाबले में 21-18, 22-20 से मात दी। एक ऑल-इंडियन मैच में, मालविका बंसोड़ ने पहला गेम हारने के बावजूद देविका सिहाग को 18-21, 21-10, 21-14 से हराया। हालांकि, अश्मिता चालिहा और आकर्षी कश्यप अपने-अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
इनपुट: IANS


