अभिनेता इमरान खान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें? बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने की देश छोड़ने पर रोक लगाने की मांग
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की मांग उठी है। महाराष्ट्र के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इमरान…
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की मांग उठी है। महाराष्ट्र के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इमरान को फिलहाल भारत छोड़ने से रोका जाए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सोमैया ने यह अपील 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन के संबंध में की है, जिसमें इमरान खान भी शामिल हुए थे।
सोमैया का तर्क है कि इमरान खान एक अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। अपनी शिकायत में उन्होंने आशंका जताई है कि अगर इमरान जांच पूरी होने से पहले देश छोड़कर चले जाते हैं, तो कानूनी प्रक्रिया और बयान दर्ज करने में दिक्कतें आ सकती हैं। इसी आधार पर उन्होंने गृह मंत्रालय और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है, जहाँ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। इस प्रदर्शन के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की थी। पुलिस ने मौके से इमरान खान, उनकी पार्टनर लेखा वॉशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान समेत 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
FIR और कानूनी प्रक्रिया
इस घटना के संबंध में मुंबई के गावदेवी पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज है, जिसमें अभिनेता इमरान खान का नाम भी शामिल है। किरीट सोमैया ने अपने पत्र में इसी FIR और अपनी शिकायत का हवाला देते हुए जांच पूरी होने तक इमरान का भारत में रहना जरूरी बताया है। उन्होंने गृह सचिव गोविंद मोहन को लिखे पत्र में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धाराओं का जिक्र करते हुए कहा है कि सरकार के पास कुछ परिस्थितियों में विदेशी नागरिकों के देश छोड़ने पर रोक लगाने का अधिकार है। सोमैया ने ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से यह भी अनुरोध किया है कि अगर इमरान देश छोड़ने का प्रयास करें, तो इसकी सूचना तत्काल गावदेवी पुलिस स्टेशन को दी जाए।
इनपुट: IANS


