इंडिया अंडर-19 टीम में बड़ा बदलाव, उम्र विवाद में फंसे रोहित यादव की जगह दो नए खिलाड़ियों को मौका
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज से पहले भारतीय अंडर-19 टीम में एक अहम बदलाव किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जन्म-रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण विवादों में आए खिलाड़ी रोहित यादव को टीम…
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज से पहले भारतीय अंडर-19 टीम में एक अहम बदलाव किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जन्म-रिकॉर्ड में गड़बड़ी के कारण विवादों में आए खिलाड़ी रोहित यादव को टीम से हटा दिया गया है। उनकी जगह सौराष्ट्र के आर्यन सवसानी और हरियाणा के तन्मय बलोदा को टीम में शामिल किया गया है।
रोहित यादव को खेल के सभी फॉर्मेट से प्रतिबंधित कर दिया गया है, क्योंकि उनके दस्तावेजों की जांच में उम्र को लेकर गंभीर विसंगतियां पाई गईं। इस फैसले के बाद चयनकर्ताओं ने वनडे और चार-दिवसीय मैचों के लिए उनकी जगह नए खिलाड़ियों को मौका दिया है।
टीम में हुए ये बदलाव
आर्यन सवसानी को वनडे टीम में रोहित की जगह मिली है, जबकि तन्मय बलोदा चार-दिवसीय यानी टेस्ट टीम का हिस्सा होंगे। इस सीरीज में भारत के दो पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों के बेटे भी मैदान पर उतरेंगे। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़, दोनों को वनडे टीम में जगह दी गई है।
सीरीज का पूरा कार्यक्रम
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच यह मुकाबला राजकोट और अहमदाबाद में खेला जाएगा। सीरीज की शुरुआत तीन वनडे मैचों से होगी, जो 18, 21 और 23 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद दो चार-दिवसीय मैच होंगे। पहला मैच 27 से 30 सितंबर तक और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक होगा। अहमदाबाद में होने वाले दूसरे चार-दिवसीय मैच को छोड़कर सभी मुकाबले राजकोट में ही खेले जाएंगे।
दोनों फॉर्मेट के लिए अलग कप्तान
टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी दो अलग-अलग खिलाड़ियों को सौंपी गई है। 50 ओवर के प्रारूप में उत्तराखंड के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि मध्य प्रदेश के यशबर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। वहीं, चार-दिवसीय मैचों में यशबर्धन चौहान कप्तान की भूमिका निभाएंगे और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे।
इनपुट: IANS


