IPL 2027: ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ियों को लेना पड़ सकता है मुश्किल फैसला, कोच ने दिए संकेत
ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट क्रिकेटरों को अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी भागीदारी को लेकर कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने यह संकेत दिया है…
ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट क्रिकेटरों को अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी भागीदारी को लेकर कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने यह संकेत दिया है, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने क्रिकेट इतिहास के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में से एक की तैयारी कर रही है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अगले 12 महीनों में टीम को 20 टेस्ट और 14 व्हाइट-बॉल मैच खेलने हैं, जिसमें भारत में पांच मैचों की अहम टेस्ट सीरीज भी शामिल है।
आईपीएल 2027 का आयोजन मार्च के मध्य से मई के अंत तक होने की उम्मीद है। यह आमतौर पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से एक छोटा ब्रेक होता है, खासकर जून में होने वाले संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल से पहले। हालांकि, टीम के सामने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज और टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर एक विशेष टेस्ट मैच जैसी बड़ी चुनौतियां भी हैं।
IPL और वर्कलोड मैनेजमेंट
कोच मैकडोनाल्ड ने इस बात पर जोर दिया कि IPL ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के प्रबंधन की रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने 'ईएसपीएन क्रिकइन्फो' से बातचीत में कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि आईपीएल हमारे कई खिलाड़ियों के लिए हमारे मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है और मेरे हिसाब से टी20 क्रिकेट के सबसे अच्छी प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को खेलने का मौका देने से उनके प्रदर्शन में भी फायदा होता है। बस आपको इसमें संतुलन बनाना होगा।"
ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई बड़े नाम जैसे पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, कैमरन ग्रीन और ट्रेविस हेड विभिन्न आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। अगर ये नियमित टेस्ट खिलाड़ी टूर्नामेंट से हटने या अपनी उपलब्धता सीमित करने का फैसला करते हैं, तो इसका सीधा असर फ्रेंचाइजी की रिटेंशन योजनाओं पर पड़ सकता है।
तेज गेंदबाजों की रिकवरी प्राथमिकता
वर्कलोड को लेकर होने वाली चर्चा में तेज गेंदबाजों का मुद्दा सबसे अहम रहने वाला है। कोच मैकडोनाल्ड ने एक और व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सीजन से पहले गेंदबाजों को रिकवरी के लिए पर्याप्त समय देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि लोग देश बनाम फ्रेंचाइजी और ऐसी बातें करते हैं, लेकिन इस समय की अहम बात यह है कि हम अपने तेज गेंदबाजों को अपने शरीर को ठीक करने और उन 20 या 21 मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार होने का मौका दे रहे हैं, जिनकी सब बात करते हैं।"
मैकडोनाल्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम हर खिलाड़ी के लिए एक जैसा तरीका अपनाने के बजाय उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति के आधार पर अलग-अलग फैसले ले सकती है। उन्होंने कहा, "आईपीएल इसमें फिट हो सकता है और अगर ऐसा नहीं होता है तो आप जानते हैं कि ये खिलाड़ी, मैनेजमेंट के साथ मिलकर ऐसे फैसले लेने के लिए तैयार रहे हैं।"
इनपुट: IANS


