जापान ओपन: पहला सेट गंवाने के बाद कार्लोस अल्काराज की शानदार वापसी, लगातार दूसरी बार फाइनल में बनाई जगह
टोक्यो में चल रहे 'जापान ओपन 2026' में वर्ल्ड नंबर 3 कार्लोस अल्काराज ने एक बार फिर पहला सेट हारने के बाद जोरदार वापसी करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में…
टोक्यो में चल रहे 'जापान ओपन 2026' में वर्ल्ड नंबर 3 कार्लोस अल्काराज ने एक बार फिर पहला सेट हारने के बाद जोरदार वापसी करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने अपने ही देश स्पेन के खिलाड़ी जाउमे मुनार को तीन सेटों तक चले कड़े मुकाबले में 5-7, 6-3, 6-1 से शिकस्त दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह लगातार दूसरा मौका है जब अल्काराज इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे हैं।
मैच के बाद उन्होंने अपनी इस आदत पर हैरानी जताते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि पहले सेट में क्या हुआ? सच कहूं तो आमतौर पर पहले सेट में ऐसा ही होता है। मैंने मैच की अच्छी शुरुआत की थी, ब्रेक किया और सेट के लिए सर्विस भी की। पता नहीं क्या हुआ। ऐसा लगता है कि हर पहले सेट में मुझे संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन जिस तरह से मैं हर बार वापसी करता हूं, मैं उससे वाकई बहुत खुश हूं।"
पहले सेट में लड़खड़ाए, फिर दिखाया दम
टोक्यो के एरियाके कोलिजीयम में खेले गए इस मैच में अल्काराज ने अच्छी शुरुआत की थी और पहले सेट में 5-3 से आगे थे। लेकिन वह सेट के लिए अपनी सर्विस बरकरार नहीं रख पाए और मुनार ने वापसी करते हुए सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया।
इसके बाद दूसरे और तीसरे सेट में अल्काराज ने पूरी तरह अपना दबदबा दिखाया। उन्होंने दूसरा सेट 6-3 से जीता और फिर निर्णायक सेट में शानदार खेल दिखाते हुए इसे 6-1 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट में संघर्ष भरी रही है राह
पूरे टूर्नामेंट के दौरान कार्लोस अल्काराज को अपने शुरुआती सेटों में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। क्वार्टर फाइनल में डेनिस शापोवालोव, राउंड ऑफ 16 में माटेओ अर्नल्डी और राउंड ऑफ 32 में एलेक्स मिशेलसेन के खिलाफ भी उन्हें पहला सेट जीतने के लिए टाई-ब्रेक तक संघर्ष करना पड़ा था। अब सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज का फाइनल में सामना जिरी लेहेका या वैलेन्टिन वाचेरोट में से किसी एक से होगा।
इनपुट: IANS


