जापान ओपन: पीवी सिंधु का शानदार प्रदर्शन, वर्ल्ड नंबर 5 को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में ज़ोरदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने गुरुवार को हुए मुकाबले में चीन…
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में ज़ोरदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने गुरुवार को हुए मुकाबले में चीन की विश्व नंबर 5 खिलाड़ी हान यू को सीधे सेटों में शिकस्त दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंधु ने यह मैच सिर्फ 35 मिनट में अपने नाम कर लिया।
दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने इस मैच में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन तालमेल दिखाया। उन्होंने चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को 21-16, 21-14 से हराया। यह जीत इस सीजन में सिंधु के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनों में से एक मानी जा रही है। इस जीत के साथ ही हान यू के खिलाफ सिंधु का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड अब 8-1 का हो गया है।
मैच का लेखा-जोखा
पहले गेम में शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन सिंधु ने जल्द ही लय पकड़ ली। उन्होंने सटीक शॉट्स और बेसलाइन पर आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली और पहला गेम 21-16 से जीत लिया। दूसरे गेम में तो सिंधु और भी हावी रहीं। उन्होंने लगातार आठ अंक हासिल कर 8-0 की बड़ी बढ़त बना ली। हालांकि हान यू ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने अपना दबदबा बनाए रखा और 21-14 से गेम जीतकर मैच समाप्त कर दिया।
अब ओकुहारा से मुकाबला
इस जीत के बाद अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में वॉकओवर मिला क्योंकि उनकी प्रतिद्वंद्वी, दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक खिलाड़ी एन से-यंग, चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गईं।
इस बीच, मिक्स्ड डबल्स में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 20-22, 17-21 से हार गई। इसके साथ ही सिंधु अब इस टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र उम्मीद बची हैं।
इनपुट: IANS


