जूनियर हॉकी एशिया कप: भारत का तूफानी प्रदर्शन, क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से दी मात
चीन के मोकी में चल रहे विमेंस जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय बेटियों ने…
चीन के मोकी में चल रहे विमेंस जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय बेटियों ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19-0 के एकतरफा स्कोर से रौंदकर एक बड़ी जीत दर्ज की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने इस जीत के साथ लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया है।
मैच की शुरुआत से ही भारत का दबदबा कायम रहा। टीम ने पहले 15 मिनट के अंदर ही 6 गोल दागकर अपनी जीत की नींव रख दी थी। खेल के सातवें मिनट में पूजा साहू ने गोल का खाता खोला, जिसके बाद रोशनी ऐंड (9'), तनुश्री दिनेश काडू (11'), सुखवीर कौर (13') और सानिका चंद्रकांत माने (13') ने तेजी से गोल कर भारत को बड़ी बढ़त दिला दी।
गोलों की बारिश, पाकिस्तानी डिफेंस बेबस
पहले हाफ का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 10-0 से आगे थी। इस दौरान मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने (23', दूसरा गोल), तनुजा टोप्पो, पूजा मलिक और पूर्णिमा यादव (33') ने स्कोरबोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराया। पाकिस्तानी टीम पूरे मैच में भारतीय आक्रमण के सामने संघर्ष करती नजर आई और उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं मिला।
दूसरे हाफ में भी भारत का आक्रामक खेल जारी रहा। पूजा मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 49वें और 51वें मिनट में गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा मधु सिदार (39'), सुप्रिया (40', 54'), कृष्णा शर्मा, बिनिमा धन और रोशनी (आखिरी मिनट) ने भी गोल किए, जिससे भारत की जीत का अंतर 19-0 तक पहुंच गया।
अब सेमीफाइनल की चुनौती
यह बड़ी जीत अप्रत्याशित नहीं थी, क्योंकि भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में भी जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीमों को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। भारत ने 2023 और 2024 में भी यह खिताब जीता था और अब लगातार तीसरी ट्रॉफी से सिर्फ दो जीत दूर है। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
इनपुट: IANS


