कुलदीप यादव की वनडे टीम में जगह क्यों पक्की नहीं? चेतेश्वर पुजारा ने बताई यह बड़ी वजह
भारतीय वनडे टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रहे स्पिनर कुलदीप यादव को लेकर पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने एक अहम बात कही है। पुजारा का मानना है कि कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में लगातार…
भारतीय वनडे टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रहे स्पिनर कुलदीप यादव को लेकर पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने एक अहम बात कही है। पुजारा का मानना है कि कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में लगातार मौके न मिलने का एक बड़ा कारण उनकी बल्लेबाजी का कमजोर होना है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुजारा ने कहा कि टीम प्रबंधन निचले क्रम में बल्लेबाजी का एक अतिरिक्त विकल्प चाहता है, जिस पर कुलदीप पूरी तरह खरे नहीं उतरते।
इस साल वनडे क्रिकेट में कुलदीप यादव का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। उन्हें 12 में से 5 मैचों में टीम से बाहर बैठना पड़ा, जिनमें से ज्यादातर मुकाबले विदेशी धरती पर खेले गए। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में वह टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। उस सीरीज में भारत ने नंबर 8 पर शिवम दुबे को मौका दिया, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने संभाली।
टीम को क्यों चाहिए नंबर 8 पर बल्लेबाज?
पुजारा ने 'जियोस्टार' से बातचीत में टीम संतुलन की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वनडे क्रिकेट में आपको टीम में गहराई की जरूरत होती है, खासकर तब जब आप भारत से बाहर खेल रहे हों। टीम का संतुलन तभी बेहतर होता है, जब उनके पास नंबर 7 और नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने का विकल्प हो।" पुजारा ने आगे स्पष्ट किया, "कुलदीप एक बहुत अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी उस स्तर की नहीं है। इसी कारण भारत हमेशा ऐसे खिलाड़ी की तलाश में रहता है जो नंबर 8 पर बल्लेबाजी कर सके।"
टीम इंडिया आमतौर पर नंबर 8 की भूमिका के लिए हर्षित राणा को पसंद करती है, हालांकि वह फिलहाल चोट के कारण बाहर हैं, लेकिन भविष्य की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।
क्या बल्लेबाजी से ज्यादा जरूरी हैं 5 गेंदबाज?
इस मुद्दे पर भारत के पूर्व क्रिकेटर और सहायक कोच रह चुके अभिषेक नायर की राय थोड़ी अलग है। उन्होंने पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ खेलने पर जोर दिया। नायर ने 2023 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की रणनीति का उदाहरण देते हुए कहा, "पिछले वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ही जीत का मुख्य कारण थी। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार विकेट लिए, भारत को कम स्कोर पर रोका और फिर चैंपियनशिप जीती।"
नायर ने तर्क दिया कि वनडे मैचों में विकेट लेना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि टी20 में आपको बल्लेबाजी में गहराई चाहिए, लेकिन वनडे में हालात के हिसाब से ढलने का समय होता है। अगर आप विकेट नहीं लेते हैं, तो आपकी बैटिंग लाइनअप चाहे कितनी भी लंबी क्यों न हो, सातवें या आठवें नंबर के बल्लेबाज के दम पर चैंपियनशिप जीतना बहुत मुश्किल होता है। मेरे लिए वनडे मैचों में गेंदबाज ही आपको टूर्नामेंट जिताते हैं।"
इनपुट: IANS


