WTC अंक तालिका में टीम इंडिया को मिला फायदा, जानें वेस्टइंडीज-बांग्लादेश टेस्ट का पूरा गणित
ढाका में खेले गए टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने भले ही बांग्लादेश को हराया हो, लेकिन इसका सीधा फायदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में टीम इंडिया को मिला है। इस नतीजे के बाद भारतीय टीम एक…
ढाका में खेले गए टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने भले ही बांग्लादेश को हराया हो, लेकिन इसका सीधा फायदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में टीम इंडिया को मिला है। इस नतीजे के बाद भारतीय टीम एक पायदान चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का मौजूदा जीत प्रतिशत 51.52 है।
दूसरी ओर, इस हार से बांग्लादेश की टीम को नुकसान उठाना पड़ा है। वह WTC अंक तालिका में एक स्थान फिसलकर पांचवें नंबर पर आ गई है, और उसका जीत प्रतिशत अब 47.62 रह गया है। हालांकि, इस जीत के बावजूद वेस्टइंडीज 26.92 के जीत प्रतिशत के साथ आठवें स्थान पर ही बना हुआ है। WTC तालिका में ऑस्ट्रेलिया 75% जीत प्रतिशत के साथ शीर्ष पर काबिज है, जबकि न्यूजीलैंड (72.22%) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका (66.67%) तीसरे स्थान पर हैं।
मैच में वेस्टइंडीज का दमदार प्रदर्शन
ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को 8 विकेट से मात दी। बांग्लादेश से मिले 170 रनों के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने आसानी से सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज के लिए ब्रैंडन किंग ने 115 गेंदों पर 81 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि जॉन कैंपबेल ने 49 और केवम हॉज ने नाबाद 31 रनों का योगदान दिया।
इससे पहले, बांग्लादेश की टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 142 रनों पर सिमट गई थी, जिसमें नईम हसन ने सर्वाधिक 52 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोस्टन चेज ने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए, जबकि जोमेल वार्रिकान ने मैच में कुल 9 विकेट (पहली पारी में 5 और दूसरी में 4) अपने नाम किए। बांग्लादेश ने पहली पारी में 272 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 245 रन बनाकर मेजबान टीम को 27 रनों की बढ़त लेने दी थी।
इनपुट: IANS


